गाय निगल गई सोने की चेन, डॉक्टरों ने ऐसे लगाया पता

अन्य राज्य देश
Spread the love

कर्नाटक। कर्नाटक में एक शख्स के घर पली गाय ने 20 ग्राम सोने की चेन ही निगल ली। जब परिवार को इस बात का पता चला तो उनके लिए मुसीबत हो गई। ये घटना सिरसी तालुक के हीपानाहल्ली के रहने वाले श्रीकांत हेगड़े नाम के शख्स के घर पर हुई। 4 साल की गाय के पेट में सोने की चेन होने के पता भी डॉक्टरों ने मेटल डिटेक्टर से लगाया। गौ पूजा के दौरान परिवार ने अपनी प्रिय गाय को नहलाया और फूल-माला चढ़ाकर उसकी पूजा की। इसी बीच जो हादसा हुआ, उसके बारे में उन्हें खबर ही नहीं लगी।

श्रीकांत के परिवार ने गौ पूजा के समय अपनी गाय को 20 ग्राम की सोने की चेन पहनाई। पूजा के बाद परिवार ने फूल माला, सोने की चेन हटाकर अलग रख दिया। कुछ ही देर बाद पता चला कि सोने की चेन वहां से गायब हो चुका है। परिवार ने पूरा घर छान मारा, लेकिन सोने की चेन कहीं भी नहीं मिली।

परिवार को ये शक हुआ कि फूल-पत्तियों के साथ गाय सोने की चेन भी निगल चुकी है। ऐसे में उन्होंने अगले 30-35 दिन तक गाय और उसके बछड़े के गोबर पर नज़र रखी। हालांकि उन्हें सोने की चेन नहीं मिली। जब पूजा के महीने भर बीत जाने के बाद भी सोने की चेन नहीं मिली तब परिवार के सदस्यों ने गाय को पशु चिकित्सक के पास जाने का फैसला लिया।

डॉक्टर ने मेटल डिटेक्टर की मदद से गाय का परीक्षण किया और बताया कि पशु के पेट में धातु है। स्कैन करके गाय के पेट में चेन का पता लगा लिया गया। इसके बाद परिवार से अनुमति लेकर डॉक्टर ने गाय की सर्जरी करके चेन बाहर निकाल ली। हालांकि चेन के कुछ हिस्से अभी भी गायब हैं, लेकिन गाय की हालत ठीक है और वो सर्जरी के बाद तेज़ी से रिकवर कर रही है।