Big News : फेयरडील ऑटोमोबाइल्स का लाइसेंस सस्पेंड, लगा 1.73 लाख जुर्माना

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • जिला परिवहन पदाधिकारी ने की बड़ी कार्रवाई

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में पहली बार वाहन डीलर के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। रांची जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण कुमार प्रकाश ने फेयरडील ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस सस्‍पेंड कर दिया है। उसपर 1.73 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।

वाहनों का क्रय मूल्य से कम मूल्य पर प्रविष्टि कर अस्थाई निबंधन निर्गत करने के आरोप में 24 नवंबर, 2021 को स्पष्टीकरण पूछा गया था। इसके अतिरिक्त 9 दिसंबर, 2021 को अधोहस्ताक्षरी के साथ कार्यालय कर्मियों द्वारा शोरूम के कागजातों का निरीक्षण और जांच की गई थी। जांच और निरीक्षण में पाया गया कि संस्थान के द्वारा Rule 43 केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।

इनके द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण भी संतोषप्रद नहीं पाए गये। इसके फलस्वरूप मोटर वाहन अधिनियम 1988 एवं केंद्रीय मोटर नियमावली 1989 के तहत इनके व्यापार लाईसेंस को 2 सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया। उसे 1 लाख 73 हजार 286 रुपए का अर्थदंड सरकारी कोष में जमा करने का आदेश दिया गया है।

अन्य वाहन डीलरों को समय पर समुचित ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया गया है। इसका उल्‍लंघन करने पर अन्य वाहन विक्रेताओं के विरुद्ध भी ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी।