करोड़ों रुपये और सोने चांदी के बाद जानें इनकम टैक्‍स की टीम को पीयूष जैन के घर से क्‍या-क्‍या म‍िला…

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

कन्नौज। कन्नौज के इत्र व्यपारी पीयूष जैन के ठिकानों पर करीब 100 घंटों से ज्यादा समय से छापेमारी जारी है। डीजीसीआई की टीम ने रविवार देर रात जैन को गिरफ्तार कर लिया। जांच टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पीयूष जैन की काली कमाई का कच्चा चिट्ठा फिलहाल खुल ही रहा है। कई नई जानकारियां भी सामने आ रही हैं, इसलिए यह पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता कि यह रेड और कितनी देर चलेगी।

सूत्र के मुताबिक, रेड डालने गई टीम रविवार देर रात पीयूष जैन के फार्म हाउस भी पड़ताल करने पहुंची, जहां घर के अंदर संदल ऑयल से भरे ड्रम मिले हैं। इनकी कीमत भी करोड़ों रुपये बताई जा रही है। इस संदल ऑयल की टेस्टिंग के लिए आज सैम्पल भेजे जाएंगे। पीयूष जैन के ठिकानों पर छापे में अब तक 257 करोड़ कैश, 250 किलो चांदी और 25 किलो सोना मिला है। वहीं 50 बीघा कृषि भूमि मिलने की बात भी सामने आ रही है।

पीयूष जैन कन्नौज में इत्र के बड़े व्यापारियों में शुमार किए जाते हैं। वह 40 से ज्‍यादा कंपनियों के मालिक हैं। इनमें से दो कंपनियां मिडिल ईस्ट में हैं। कन्‍नौज में पीयुष की परफ्यूम फैक्‍ट्री, कोल्‍ड स्‍टोरेज और पेट्रोल पंप भी हैं। मुंबई में पीयूष का हेड ऑफिस है। साथ ही वहां उनका एक बंगला भी है। पीयूष जैन इत्र का सारा बिजनेस मुंबई से करते हैं, यहीं से इनका इत्र विदेशों में भी भेजा जाता है।