दुमका में 1423 लोगों को मिला नियुक्ति पत्र, बोले हेमंत-अपना झारखंड जल्द दिखेगा सोना झारखंड

झारखंड
Spread the love

दुमका। सीएम हेमंत सोरेन ने दुमका के 1400 से अधिक लोगों को नियुक्त पत्र सौंपा। साथ ही 28.45 लाख लाभुकों के बीच 1128 करोड़ की परिसंपत्ति का वितरण किया।

दुमका के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत मेगा ऋण परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि राज्य सरकार पूरी ऊर्जा के साथ काम कर रही है। इसे देश का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अब विलंब नहीं होगा। अपना झारखंड सोना झारखंड दिखेगा।

उन्होंने कहा कि आज सरकार जनता के दु:ख-दर्द को दूर करते हुए उनतक जनकल्याण की योजनाओं को पहुंचा रही है। अभी पंचायत तक पहुंच रहे हैं, आगे और अंदर तक पहुंचेंगे। एक-एक व्यक्ति तक पहुंच कर रोजगार से जोड़ने का भी काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने कर्ज को आय का स्त्रोत बनाया था। 20 साल की समस्या को विकराल कर रखा था और राज्य को गर्त में धकेलने का काम किया था। वर्तमान सरकार उन घावों को भर रही है। इसमें थोड़ा वक्त लग रहा है। लेकिन सरकार पूरी ऊर्जा से काम कर रही है। इसे देश का अग्रणी राज्य बनाया जाएगा।

सीएम ने बताया कि पुलिस नियुक्ति में पहले शारीरिक परीक्षा फिर लिखित परीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 25 लाख तक का लोन राज्य सरकार दे रही है। साथ ही कहा कि गांव को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम को कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, दुमका के विधायक बसंत सोरेन, प्रदीप यादव, नलिन सोरेन, स्टीफन मरांडी आदि ने भी संबोधित किया।