सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल पर आज छठव्रती देंगे अर्घ्‍य

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड में हर्षोल्लास के साथ छठ महापर्व मनाया जा रहा है। पूरा गांव भक्ति में डूबा नजर आ रहा है। मंगलवार को विभिन्न गांवों में खरना मनाया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। यहां छठी मईया के भक्तों ने झरना में स्नान कर घाट पर दीपक और अगरबत्ती जलाया।

साथ ही, सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल में स्थित सभी मंदिरों में पहुंचकर व्रतियों ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद घाट से सभी श्रद्धालु अपने-अपने घर को लौटे, जहां व्रतियों ने खरना किया। खरना में गन्ना के रस से निर्मित खीर के रूप में प्रसाद बनाया। पूरे परिवार के सदस्यों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।

बुधवार को पहला अर्घ्‍य दि‍या जाएगा। प्रसिद्ध सतबहिनी झरना तीर्थ व पर्यटन स्थल में श्रद्धालु आएंगे। झारखंड राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड के तहत हर प्रकार की आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध की गई हैं। इस स्थल को सजाया गया है।