बिहार के शिवहर में पूर्व केन्द्रीय मंत्री के रिश्तेदार के सीने में उतार दीं तीन गोलियां

देश बिहार
Spread the love

शिवहर। बिहार के शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के अंबा ओझा टोला में बेखौफ अपराधियों ने पूर्व पंचायत समिति के सदस्य नवीन झा के पहले पैर छूए फिर एक के बाद एक तीन गोलियां उनके सीने में उतार दीं, जिसमें वो गंभीर रूप से जख्मी हो गये।

एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया, जब नवीन अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे। जख्मी हालत में उन्हें शिवहर सरोजा सीताराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए सीतामढ़ी के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

यहां बता दें कि नवीन कुमार झा, पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा के रिश्तेदार हैं। दूर के रिश्ते में पोता लगते हैं। वह वर्ष 2006 और वर्ष 2011 में लगातार अंबाकला से पंचायत समिति सदस्य रहे हैं। सीट महिला होने की वजह से वर्ष 2016 का चुनाव नहीं लड़े थे। गुरुवार की शाम वह अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी बीच बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें सामने से गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर जबतक लोग पहुंचते बदमाश बाइक पर बैठकर भाग निकले।

भागने के क्रम में बदमाशों की पिस्टल, माउजर और कारतूस गिर गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। स्वजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए पिपराही पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया है। स्वजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सीतामढ़ी ले जाया गया है। गोली उनके सीने में लगी है। उनकी स्थिति गंभीर बताई गई है।