एक मंच पर आये शिक्षक संगठन, स्‍कूल टाइम सहित अन्य मांगों को लेकर बनीं समन्वय समिति

झारखंड
Spread the love

  • पहली बैठक 5 दिसंबर को रांची में आहूत

रांची। झारखंड के स्कूलों में बढ़ाई गई समयावधि को वापस लेने, शिक्षकों के लिए सुनिश्चित वृति उन्नयन योजना लागू करने, अर्जित अवकाश की विसंगतियों आदि को लेकर विभिन्न शिक्षक संघ एक मंच पर आ गये हैं। शिक्षक संघों की समन्वय समिति बनाने को लेकर 28 नवंबर को ऑनलाइन मीटिंग हुई। इसमें प्राथमिक, माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक और पारा शिक्षक संघ के प्रतिनिधि शामिल हुए।

आठ शिक्षक संगठनों की इस मीटिंग में सर्वसम्मति से ऑल झारखंड शिक्षक समन्वय समिति बनाने का निर्णय लिया गया। संयुक्त बैनर तले बनी इस समिति की 5 दिसंबर को पुनः रांची में बैठक आयोजित की जाएगी। समन्‍वय समिति के बैनर तले संशोधित विद्यालय समय सारिणी को वापस लेने, प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षकों के लिए सुनिश्चित वृति उन्नयन योजना लागू करने और अर्जित अवकाश की विसंगतियों को दूर करने की मांग के लिए संगठित प्रयास किया जाएगा। यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य में शिक्षा और शिक्षक हितों को संरक्षित करने का काम यह समन्वय समिति करेगी।

आज की बैठक में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष बृजेंद्र चौबे, महासचिव राममूर्ति ठाकुर, वरीय उपाध्यक्ष अनूप केशरी, उपाध्यक्ष रमेश प्रसाद, सलाहकार धीरज कुमार, मुख्‍य प्रवक्ता नसीम अहमद, बाल्मिकी कुमार, प्लस टू शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद ठाकुर, संरक्षक सुनील कुमार, झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महासचिव रविन्द्र प्रसाद सिंह, यशवंत विजय, जेपीएससी प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष कन्हैया ठाकुर, सचिव राज कृष्ण राज, अल्पसंख्यक एवं सहायता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष निरंजन सांडिल्य, प्रगतिशील शिक्षक संघ के महासचिव आनंद किशोर साहू और पारा शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय दुबे शामिल हुए।