- नई समय सारिणी पर शिक्षा सचिव और शिक्षक संघ की हुई बातचीत
रांची। झारखंड में विद्यालय की नई समय सारणी को लेकर उठे विवाद का शीघ्र समाधान निकलने की संभावना है। शिक्षा सचिव ने 5 दिसंबर के बाद समाधान के लिए बैठक बुलाने का शिक्षा सचिव ने आश्वासन दिया। इस मामले में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षा सचिव से 26 नवंबर को बातचीत की।
संघ के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र चौबे और मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने शिक्षा सचिव राजेश शर्मा से मिलकर विगत दिनों कार्यवधि बढ़ाने संबंधित विभागीय अधिसूचना से उत्पन्न भ्रम और गतिरोध की स्थिति पर वार्ता की। पदधारियों ने बढ़ाई गई समयावधि को अनावश्यक और आधारहीन बताया। संशोधित समय सारिणी को वापस लेने की मांग की। इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
संघ ने सचिव को बताया कि राज्य के स्कूल पहले से ही आरटीई के मानकों से अधिक दिन और घंटे संचालित हो रहे हैं। इसलिए समय बढ़ाने का कोई औचित्य नहीं है। संघ ने केंद्रीय विद्यालय संगठन की समय सारिणी की ओर शिक्षा सचिव का ध्यानाकृष्ट कराया। उन्होंनेबताया कि वहां शिक्षकों के लिए बिना किसी अतिरिक्त घंटे के साल में लगभग 90 दिनों का अवकाश और माह के दूसरे शनिवार को छुट्टी दी जाती है।
झारखंड में तो शिक्षक वैसे भी अधिक सेवा दे रहे हैं। इसलिए नई संशोधित समय सारिणी को वापस लेते हुए वर्तमान समय को ही यथावत रहने दिया जाए।
संघ के पक्ष और तर्कों को सुनने के बाद शिक्षा सचिव ने कहा कि अभी 5 दिसंबर तक वे व्यक्तिगत अवकाश पर रहेंगे। ऐसे में 5 दिसंबर के बाद इस पर शिक्षक प्रतिनिधियों के साथ बैठक आहूत कर सभी तथ्यों का अध्ययन कर समाधान की पहल की जाएगी।