रेलवे करा रहा वैष्‍णो देवी के साथ उत्तर भारत दर्शन, ये है पैकेज शुल्‍क

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

  • एसी और नन एसी कोच के साथ ये मिलेगी सुविधाएं
  • रांची से 12 दिसंबर को शुरू होगी यात्रा, करेंगे बुकिंग

रांची। तीर्थ यात्रियों के लिए अच्‍छी खबर। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड तीर्थ यात्रि‍यों को वैष्णो देवी के साथ उत्तर भारत दर्शन करा रहा है। इसके लिए विशेष पर्यटक ट्रेन 12 दिसंबर से शुरू कर रहा है। यात्रा के दौरान यात्रियों को कई अतिरिक्‍त सुविधाएं दी जाएगी। कोविड प्रोटोकॉल का पालन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम 8 रात और 9 दिन का

वैष्णो देवी के साथ उत्तर भारत दर्शन का कार्यक्रम 8 रात और 9 दिन का होगा। इसके अंतर्गत माता वैष्णो देवी, हरिद्वार, मथुरा, वृंदावन, राम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन कराये जायेंगे। यात्रा 12 दिसंबर को रांची से प्रारंभ होगी। बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, आसनसोल, चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय होते हुए वैष्णोदेवी जाएगी।

दर्शन यात्रा का पैकेज शुल्क

यात्रा का संचालन रेलवे बोर्ड के निर्देश पर इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन किया जा रहा है। कॉरपोरेशन के मुताबिक 09 दिनों की दर्शन यात्रा का पैकेज शुल्क नन एसी के लिए 8505 रुपये है। इसी तरह, एसी के लिये यह शुल्‍क 14,175 रुपये है। अब तक 500 से अधिक सीटों की बुकिंग हो चुकी है। कुछ सीटें ही खाली हैं।

नकारात्मकता दूर करने का प्रयास

कोरोना महामारी के बाद लोगों के बीच नकारात्मकता को कम करने के लिए रेलवे द्वारा इस तरह की स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। तीर्थ यात्री विशेष पर्यटक ट्रेन कोरोना प्रोटोकॉल के अंतर्गत चलाई जाएगी। इसमें यात्रियों को कई अतिरिक्त सुविधा दी जाएगी।

हेल्‍पलाइन नंबर पर करें संपर्क

इन सभी स्टेशन पर  यात्रा की टिकट बुकिंग करने के लिए यात्री 24 घंटे हेल्पलाइन नंबर 9625532437 या 9310235033 पर संपर्क कर सकते हैं। यात्री whatsapp भी कर सकते हैं या www.irctctourism.com के माध्यम से अपनी यात्रा बुक करा सकते हैं। बुकिंग की सुविधा IRCTC क्षेत्रीय कार्यालय. रांची में भी उपलब्ध है।

यात्रा के दौरान मिलेगी ये सुविधाएं

पैकेज के अंतर्गत नन एसी के लिए यात्रियों को स्लीपर क्लास में यात्रा, धर्मशाला में रात्रि विश्राम, शाकाहारी भोजन (चाय, कॉफी, नाश्ता, लंच, डिनर) की व्यवस्था। नॉन एसी बसों द्वारा दार्शनिक स्थानों का भ्रमण, यात्रा बीमा इत्यादि की सुविधा उपलब्ध है।

एसी के लिये यात्रियों को 3 एसी क्लास में यात्रा, होटल में रात्रि विश्राम, शाकाहारी भोजन (चाय, कॉफी, नाश्ता, लंच, डिनर) की व्यवस्था। नॉन एसी बसों द्वारा दार्शनिक स्थानों का भ्रमण, यात्रा बीमा इत्यादि की सुविधा उपलब्‍ध है।

सभी कोचेस एवं पैंट्री कार का समय-समय पर सेनेटाइजेशन किया जायेगा।

सभी डोरमेटरी एवं रूम्स का गेस्ट के चेक इन होने के पहले सेनेटाइजेशन किया जायेगा।

सभी वाशरूम की समय-समय पर सफाई की जायेगी।

दरवाजा, सीट्स, बर्थ सहित सभी सतह का रेगुलर समयावधि में डिसइंफेक्शन किया जायेगा।

यात्रियों के सामान का सेनेटाइजेशन किया जायेगा।

किचन में सभी स्टाफ को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। मास्क हैंड ग्लब्‍स का उपयोग आवश्यक है।

सभी यात्रियों को गरम पानी उपलब्ध कराया जायेगा।

सभी यात्रियों को बोर्डिंग के समय हैंड सेनेटाइजर, फेस मास्क, फेस शील्ड और हैंड ग्लब्‍स दिया जायेगा।

ट्रेन में सभी यात्रियों के लिए प्राथमिक स्वस्थ्य किट उपलब्ध होगी।

हर यात्री कोच में दो कंपार्टमेंट खाली छोड़ दिए जायेंगे। इसका उपयोग यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री को कोरोना लक्षण आते है तो उन्हें कंपार्टमेंट में तुरंत शिफ्ट कर दिया जायेगा।

कोरोना संक्रमण होने के कारण यदि कोई यात्री यात्रा कैंसिल करता है, तो उनको फुल रिफंड दिया जायेगा।

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रांची, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, आसनसोल, चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय बोर्डिंग पॉइंट निर्धारित किये गए हैं।