पलामू के एमएमसीएच में कैदी ने मृत बच्चे को दिया जन्म, कुछ ही घंटे में महिला की भी मौत

झारखंड
Spread the love

पलामू। पलामू सेंट्रल जेल की एक विचाराधीन कैदी ने मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल (एमएमसीएच) में मृत बच्चे को जन्म दिया। कुछ ही देर बाद महिला की मौत हो गई। उसकी मौत के बाद दंडाधिकारी की निगरानी में मेडिकल टीम ने महिला का पोस्टमार्टम किया।

डॉक्टरों के अनुसार महिला ने जिस मृत बच्चे को जन्म दिया था, वह काफी सड़ा-गला था। बच्चे की मौत कुछ दिनों पहले ही हो गई थी। इस कारण महिला को भी इंफेक्शन हो गया था और उसकी मौत हो गई। महिला पालो देवी सदर थाना क्षेत्र के बारालोटा की रहने वाली थी।

पलामू सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट जीतेंद्र कुमार ने बताया कि 20 नवंबर को महिला को पेट दर्द की शिकायत के बाद एमएमसीएच में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल में उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। बाद में उस महिला की भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है।

महिला कैदी के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। मौत के मामले में मानवाधिकार आयोग को भी रिपोर्ट भेजी गई है। पलामू सदर थाना क्षेत्र चियांकी में तीन महीने पहले आपसी विवाद में संदीप उरांव नामक युवक की हत्या हुई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में पालो देवी और अन्य दो युवकों को गिरफ्तार किया था। संदीप उरांव की चाकू से गोदकर हत्या हुई थी।