पद्म विभूषण से सम्मानित इतिहासकार बाबासाहेब पुरंदरे का हुआ निधन, पीएम मोदी ने जताया दु:ख

देश नई दिल्ली
Spread the love

दिल्ली। भारत के जाने-माने इतिहासकार और लेखक बाबासाहेब पुरंदरे का सोमवार सुबह पुणे के दीनानाथ मंगेशकर मेमोरियल अस्पताल में निधन हो गया।

99 साल के पुरंदरे को शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बाद में हालात गंभीर होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। इसके बाद से ही उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका।  बाबा पुरंदरे अपने घर में बाथरूम में गिर गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बाबासाहेब के लिए राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की घोषणा की है। वहीं, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बाबासाहेब के निधन पर दुख जताया।

इतिहासकार-लेखक रहने के साथ थिएटर कलाकार भी रह चुके थे। उन्हें छत्रपति शिवाजी महाराज पर अपने विशेषज्ञता के लिए जाना जाता है। बाबा पुरंदरे ने शिवाजी के जीवन से लेकर उनके प्रशासन और उनके काल के किलों पर भी कई किताबें लिखीं। इसके अलावा उन्होंने छत्रपति के जीवन और नेतृत्व शैली पर एक लोकप्रिय नाटक- जानता राजा का भी निर्देशन किया था।