बिहार पंचायत चुनाव का नौवां चरण संपन्न, नालंदा, मधुबनी और सीवान में फायरिंग

देश बिहार
Spread the love

पटना। बिहार पंचायत चुनाव के नौवें चरण की वोटिंग 35 जिलों की कुल 875 पंचायतों में सोमवार को मतदान संपन्न हो गया। सख्त सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न हुआ। इसके साथ ही 26, 831 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। सीवान के भगवानपुर स्थित उसरी सुल्तानपुर पंचायत के बूथ पर हंगामा हुआ।

दो मुखिया प्रत्याशियों के बीच गोली चली। एक व्यक्ति को गोली लगी। घायल व्यक्ति सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मधुबनी के बेनीपट्टी अनुमंडल की त्योंथ पंचायत के मुखिया प्रत्याशी के पति विवेक कुमार को सोमवार को मतदान के दिन गोली मार दी गई। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

इधर मुंगेर की कटरिया पंचायत की बूथ संख्या-91 के बाहर दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच पत्थरबाजी की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले को शांत किया। नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र स्थित गुलनी गांव में चुनावी रंजिश में प्रत्याशी के पति व डिप्टी कमिश्नर ने एक युवक को गोली मार दी।

गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक सुरेंद्र प्रसाद का पुत्र मनीष कुमार बताया जा रहा है। वहीं गोली मारने का आरोप वित्त विभाग में सलाहकार के पद पर कार्यरत डिप्टी कमिश्नर राजीव रंजन पर लगा है। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए हिलसा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया है।

गोली युवक की जांघ में लगी है। डिप्टी कमिश्नर की पत्नी रेखा रंजन जूनियर पंचायत से पंचायत समिति पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। नालंदा के हिलसा प्रखंड की जूनियार पंचायत के गुलनी में पंचायत चुनाव के दौरान पंचायत समिति के समर्थक को गोली लग गई। उसे गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है। गोली कैसे लगी है इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिली है।