चक्रधरपुर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या, शव को कोयल नदी तट पर दफनाया

झारखंड
Spread the love

चक्रधरपुर। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम स्थित चक्रधरपुर अनुमंडल के बंदगांव थाना अंतर्गत पोडेंगेर गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई। साथ ही कोयल कारो नदी घाट पर सभी के शवों को दफना दिया गया।

बुधवार को बंदगांव पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीनों शवों को बरामद किया गया। देर शाम उसे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर लाया गया। जानकारी के अनुसार पोडेंगेर गांव निवासी 48 वर्षिय सालेम डांगा, उसकी पत्नी 40 वर्षीय बेलानी डांगा और छोटी पुत्री 13 वर्षीय राहिल डांगा की हत्या गांव के ही नौ लोगों ने आपसी विवाद में कर दी। तीनों की हत्या चाकू से गला रेत कर दी गई। तीनों रविवार की शाम से ही लापता थे।

घर में चूल्हे पर भात बनाने वाला हंडी चढ़ा हुआ था और परिवार के तीन सदस्य गायब थे। बंदगांव पुलिस को लापता होने की सूचना मिलने पर तीनों की खोजबीन व पूछताछ शुरू की गई। तब गांव के ही माक्र्स डांगा को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने हत्या करने की बात कबूल करते हुए कहा कि तीनों को दफना दिया गया है। बंदगांव पुलिस ने कोयल कारो नदी घाट से तीनों का शव बरामद किया था। जानकारी के अनुसार गांव के नौ लोगों ने आपसी विवाद में तीनों की हत्या की है। इस मामले में बंदगांव पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि पांच लोग फरार हैं। सभी की गिरफ्तारी आरोपी माक्र्स डांगा के बयान पर हुई है।

इस संबंध में चक्रधरपुर के प्रभारी डीएसपी दिलीप खालखो ने बताया कि पोडेंगेर गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या आपसी रंजिश के कारण हुई है। अभी इसका पूरा खुलासा नहीं हुआ है। मामले का खुलासा जल्द कर लिया जाएगा।

मृतक के भगीन दामाद अगस्तीन होरो ने बताया कि मृतक सालेम डांगा की तीन बेटियां हैं। दो बेटी 18 वर्षीय बसंती डांगा और 15 वर्षीय सुसाना डांगा हैं। दोनों अपनी मौसी घर में थी, इस कारण उनकी जान बच गई। उन्होंने कहा कि मृतक सालेम डांगा का परिवार रविवार से गायब था। किस कारण हत्या हुई है, यह अभी तक पता नहीं चला पाया है।