- जिलों के 15182 लंबित रिजेक्टेड ट्रांजेक्शन में सुधार कराने के निर्देश
रांची। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत मनरेगा की योजनाओं को गति दी जायेगी। इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के निर्धारित कैलेंडर के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। प्रत्येक इवेंट का हर प्रखंड से सक्सेस स्टोरी, वीडियो एवं फोटोग्राफ विभाग को उपलब्ध कराना होगा। उक्त निर्देश मनरेगा आयुक्त श्रीमती राजेश्वरी बी ने दी। वे 23 नवंबर को वीडियो कांफ्रेंसिंग कर जिले के परियोजना पदाधिकारियों को आदेश दे रहीं थीं।
मनरेगा आयुक्त श्रीमती राजेश्वरी बी ने मनरेगा अंतर्गत पलामू प्रमंडल के लातेहार जिले के 1386 लंबित रिजेक्टेड ट्रांजेक्शन में सुधार करते हुए शत प्रतिशत सफल ट्रांजेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने एरिया ऑफिसर एप के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता को 50-50 चालू योजनाओं का प्रतिमाह निरीक्षण करने एवं उसका प्रतिवेदन एप पर अपलोड करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में मेठ के माध्यम से मस्टर रोल में निहित मजदूरों की उपस्थिति NMMS App के माध्यम से Capture करते हुए अपलोड करने का भी आदेश दिया।
मनरेगा आयुक्त ने सामाजिक अंकेक्षण के क्रम में प्राप्त मामलों पर कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही निर्णायक मंडली द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार राशि की वसूली करते हुए ATR MGNREGA SOFT पर अपलोड करने का सख्त आदेश दिया।
राजेश्वरी बी ने कहा कि मनरेगा के माध्यम से आम नागरिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बेहतर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीण परिवारों को निश्चित रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा में शामिल किया जा रहा है। जिससे उनकी आमदनी बढ़े और उनके क्षेत्र का सतत विकास हो सके। इसलिए सभी को इस दिशा में बेहतर कार्य करने की आवश्यकता है। जो लोग बेहतर कार्य कर रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित भी करना है।