राजस्थान। राजस्थान में रविवार शाम को नई कैबिनेट शपथ ले रही है। इनमें 11 विधायक कैबिनेट तो वहीं 4 विधायक राज्यमंत्री के रूप में शपथ ले रहे है। एक ओर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट खुश हैं तो दूसरी ओर कांग्रेस के कुछ विधायक अब नाराज बताए जा रहे हैं। शिकायत लेकर विधायक जयपुर के लिए रवाना भी हो गए हैं।
दरअसल, कैबिनेट में टीकाराम जूली को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की खबरों से कुछ विधायक नाराज हो गए हैं। इसके बाद विधायक जौहरी लाल मीणा, साफिया ज़ुबैर और बीएसपी से आए दीपचंद खड़िया विरोध जताने जयपुर रवाना हो गए है। टीकाराम जूली मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाते हैं। दलित समुदाय से आने वाले टीकाराम जूली अभी श्रम राज्यमंत्री थे, जिन्हें प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की संभावना है।
टीकाराम अलवर ग्रामीण सीट से विधायक हैं। टीकाराम को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए जौहरी लाल मीणा ने कहा कि आज अलवर जिले के लिए काला दिवस है क्योंकि अलवर जिले के सबसे भ्रष्ट विधायक को कैबिनेट मंत्री बनाया जा रहा। इसके बाद जिले में कांग्रेस साफ हो जाएगी।
शपथ ग्रहण आज होना है। नई कैबिनेट में 12 नए चेहरे शामिल किए गए हैं। तीन राज्य मंत्रियों को प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। आज शाम कुल 15 विधायक मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं।