पूर्व भाजपा विधायक साधु चरण महतो का कोलकाता में निधन

झारखंड
Spread the love

जमशेदपुर। झारखंड के ईचागढ़ के पूर्व भाजपा विधायक साधु चरण महतो का निधन कोलकाता में हो गया। वह काफी दिनों से बीमार थे। उनका इलाज लंबे समय से कोलकाता के आरएन टैगोर अस्पताल में चल रहा था। उनका पार्थिव शरीर जमशेदपुर लाया जाएगा। उनके आकस्मिक निधन पर शोक की लहर है। पूर्व सीएम, अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास सहित विधायक सरयू राय, सीता सोरेन ने शोक जताया।

भाजपा की टिकट पर साधु चरण महतो ने 2014 में ईचागढ़ सीट से विधानसभा का चुनाव जीता था। उन्होंने झामुमो प्रत्याशी सविता महतो को 42,250 मतों से हराया था। हालांकि 2019 के चुनाव में वे सीट नहीं बचा पाए। झामुमो उम्मीदवार सविता महतो उन्हें हराकर विधायक बन गयीं।

जानकारी हो कि 22 नवंबर को मणिपुर से दिल्ली लौटने के क्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा कोलकाता में ईचागढ़ के पूर्व विधायक साधु चरण महतो के स्वास्थ्य की जानकारी लेने गये थे। उनके परिजनों से मुलाकात की थी। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।