कुख्यात गैंगस्टर अमन साव गिरोह के पांच गुर्गे चढ़े पुलिस के हत्थे, हथियार समेत कई सामान बरामद

Uncategorized
Spread the love

हजारीबाग। कुख्यात गैंगस्टर अमन साव गिरोह के पांच गुर्गों को हजारीबाग पुलिस ने दबोच लिया है। उनके पास से कई हथियार और सामान बरामद हुए हैं। उन्हें बड़कागांव थाना क्षेत्र के चंदौल स्थित क्रिकेट ग्राउंड से गिरफ्तार किया गया है।

इस संबंध में एसपी मनोज रतन चोथे ने प्रेसवार्ता में बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अमन साव गिरोह के सात-आठ गुर्गे बड़कागांव थाना क्षेत्र के चंदौल स्थित क्रिकेट ग्राउंड में जमा होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस पर उन्होंने टीम गठित कर वहां भेजा। पुलिस को देख अपराधी भागने लगे।

इन्हीं में पांच अपराधी को पुलिस ने दबोच लिया। वहीं तीन-चार अपराधी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पकड़ाए अपराधियों ने पूछताछ में बताया कि सभी आमन साव गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और उसी के कहने पर लेवी वसूली और गोली चलाकर दहशत फैलाते हैं। एसपी ने बताया कि अमन साव के कहने पर बड़कागांव स्थित लिबास मॉल के संचालक से लेवी मांगी थी। लेवी नहीं मिलने पर फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। इस मामले को बड़कागांव थाना कांड संख्या-255/21, दिनांक : 27.10.2021 के तहत धारा 385/387/307/34 भादवि एवं 27 आम्र्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।

इन्हीं अपराधियों ने टंडवा थाना क्षेत्र के आम्रपाली में तैनात ट्रांसपोर्टर आरकेटीसी कंपनी के कर्मियों पर गोली चलाई थी। सभी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। अपराधियों के पास से सात गोलियां, दो पिस्टल, चार मोबाइल और तीन बाइक जब्त की गई हैं। इस संबंध में बड़कागांव थाना कांड संख्या 258/21, दिनांक 03.11.21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में बड़कागांव चंदौल के सलामत अंसारी (21 वर्ष) पिता : मुस्लिम मियां, गुरुचट्टी के मो. जियारत (22) पिता : मो. कादिर, महुंगाई के मो. सोएब (19) पिता : अयूब अंसारी और वारिश अंसारी (19) पिता : अजीम अंसारी एवं राहुल स्वर्णकार उर्फ आनंद (13), पिता: संतोष प्रकाश स्वर्णकार रामगढ़ गोलपार निवासी शामिल हैं।