मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर नगर पालिका कर्मी और जनसेवा केंद्र संचालक में मारपीट

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

अवनीश कुमार

फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश)। मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने का ठेका सफाई नायक को देने को लेकर पालिका कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं जनसेवा केंद्र संचालक में मारपीट हो गई। दोनों लोगों ने एक दूसरे पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। हंगामा होने पर कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया।

शहर की कांशीराम कालोनी निवासी अखिलेश कुलश्रेष्ठ शनिवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय जाकर कर्मचारियों से मोहल्ला बढ़पुर निवासी तुलसीराम सैनी की पत्नी सोनकली का मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए कहा। कार्यालय में प्रमाणपत्र जारी करने में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नवनीत कनौजिया की प्रमुख भूमिका रहती है। अधिकांशत: वह ही आवेदनकर्ताओं से बात करते हैं। उनकी सहमति के बाद ही प्रमाण-पत्र जारी हो पाते हैं।

प्रत्‍यक्षदर्शियों के मुताबिक बातचीत के दौरान ही अचानक नवनीत कनौजिया व अखिलेश कुलश्रेष्ठ में मारपीट होने लगी। इससे अखिलेश का चश्मा टूट गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे को धमकी देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष कार्यालय के सामने आ गए। हंगामा होने से अफरा-तफरी मच गई। प्रधान लिपिक जितेंद्र मिश्रा, लिपिक अमित सक्सेना लालू आदि ने दोनों पक्षों को जैसे-तैसे अलग किया। दोनों ने एक-दूसरे पर अभद्रता करने का आरोप लगाया।

अखिलेश ने मुताबिक वह जनसेवा केंद्र चलाते हैं। सफाई नायक नंदकिशोर से उनकी बात हो गई थी। नवनीत उन्हें 15 दिन बाद आने के लिए कह रहे थे। इस पर वह कार्यालय के बाहर खड़े होकर नंदकिशोर से फोन पर बात करने लगे। तभी नवनीत ने वहां आकर उनके साथ धक्का मुक्की शुरू कर दी। इसी पर विवाद बढ़ गया अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि किसी ने उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी है। वह विवाद की वजह पता कराएंगे।