चेंबर में घुसकर पिस्‍टल की नोक पर थानेदार और दारोगा ने जज से की मारपीट

देश बिहार मुख्य समाचार
Spread the love

मधुबनी। बिहार के मधुबनी से बड़ी खबर आ रही है। यहां चेंबर में घुसकर पिस्‍टल की नोक पर थानेदार और दारोगा ने जज से मारपीट की। हंगाम सुनकर वकील चेंबर में पहुंचे। इसके बाद जज की जान बच पाई।

जानकारी के मुताबिक मधुबनी जिले के एक जज के चेंबर में थानेदार और दारोगा घुस गये। उन्‍होंने पिस्टल की नोक पर जज के साथ मारपीट की है। हो-हंगामा सुनकर कोर्ट के वकील जज के चेंबर की तरफ दौड़े। तब जज की जान बच पायी।

गुस्साये वकीलों ने थानेदार और दारोगा को कोर्ट में ही बंधक बना लिया। वहीं जिले के एसपी सत्यप्रकाश ने कहा कि कानून की जानकारी नहीं होने के कारण उन्होंने ऐसा कदम उठाया है। उन्हें ट्रेनिंग के लिए भेजने का आदेश दिया गया है।

मधुबनी जिले के झंझारपुर कोर्ट परिसर में गुरुवार दोपहर एडीजे प्रथम अविनाश कुमार के चेंबर में शोर शराबा होते वकीलों ने सुना। मारपीट और गालीगलौज की आवाज सुनकर वकील जज के चेंबर की ओर दौड़े। वहां देखा कि दो वर्दीधारी हाथों में पिस्टल लिये भद्दी-भद्दी गालियां दे रहे हैं। मारपीट कर रहे हैं।

वकीलों ने बताया कि उनके चेंबर में जाने के बाद भी दोनों पुलिसवाले गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे। इस दौरान जज साहब कांप रहे थे। बीच-बचाव करने आये जज के कर्मचारी चंदन कुमार के साथ भी दोनों पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। जिले के घोघरडीहा थाने के थानेदार गोपाल कृष्ण और एक एएसआइ अभिमन्यु कुमार ने ऐसा किया है।

जज अविनाश कुमार के बयान पर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही थी। मामले पर कोई पुलिस पदाधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं था।

झंझारपुर कोर्ट के वकीलों ने बताया कि एडीजे प्रथम अविनाश कुमार लोक अदालत के भी अध्यक्ष हैं। लोक अदालत में घोघरडीहा थाना क्षेत्र की एक महिला ने आवेदन दिया था। इसमें थानेदार गोपाल कृष्ण और एएसआइ अभिमन्यु कुमार को कोर्ट में तलब किया गया था।  दोनों के समय पर नहीं पहुंचने पर एडीजी ने उन्हें जमकर फटकार लगायी थी। इसके बाद ये घटना हुई है।