आजादी के 70 साल बाद गांव में पहुंची बिजली, अब अनशन करने की नौबत

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। आजादी के 70 साल बाद बिजली गांव में पहुंची थी। ग्रामीणों की खुशी का ठि‍काना नहीं था। हालांकि उनकी खुशी अधिक दिनों तक बरकरार नहीं रह सकी। कुछ ही दिनों में यह काफूर हो गई। अब ग्रामीण अनशन करने की योजना बना रहे हैं। यह वाक्यां झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मझिगावां के बनरखोहा गांव का है।

ग्रामीण उपेंद्र रजवार ने बताया कि आजादी के बाद पहली बार गांव बनरखोहा में बिजली पहुंची थी। बिजली आने से सब खुश थे। हालांकि कुछ दिनों बाद ही ट्रांसफर्मर खराब हो गया। इससे एक बार फिर लोग अंधेरे में जीने के लिए विवश हो गए।

मझिगावां गांव के इस टोले के 30 घरों में लगभग 350 लोग रहते हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण विगत एक वर्ष से ढिबरी युग में जी रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि कांडी सब स्टेशन से लेकर गढ़वा बिजली विभाग तक चक्कर लगाकर वे थक गये हैं। किसी ने हमारी समस्या पर ध्यान नहीं दिया।

समाजसेवी मनोज राम, सोनू चौबे, समेश यादव, विनय रजवार, बबलू रजवार, उपेंद्र रजवार, विष्णु देव रजवार, बिरझन रजवार, बिंदु यजवार, बुधन रजवार, कुंती देवी, रेखा देवी, प्रमीला देवी, शारदा देवी, फुलपतिया देवी, रीता देवी सहित दर्जनों लोगों ने कहा कि यदि जल्द उक्त समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे लोग बिजली सब स्टेशन कांडी के समक्ष आमरण अनशन करेंगे।