दिल्ली: बन रहा है अयोध्या जैसा ‘राम मंदिर’, सीएम केजरीवाल करेंगे दिवाली की पूजा

नई दिल्ली
Spread the love

दिल्ली। दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार के दिवाली उत्सव में इस साल अयोध्या के ‘राम मंदिर’ की खूबसूरत झलक देखने को मिलेगी। इस साल भी यानी 4 नवंबर को शाम 7 बजे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी कैबिनेट के तमाम मंत्री सपरिवार लक्ष्मी पूजा में शामिल होंगे।

इससे पहले केजरीवाल सरकार ने साल 2020 में अक्षरधाम मंदिर में दिवाली पूजा का आयोजन किया था। दरअसल, ‘दिल्ली की दिवाली’ उत्सव को ‘राम मंदिर’ में मनाया जाएगा। देश की राजधानी के त्यागराज स्टेडियम में अयोध्या में बनाए जा रहे ‘राम मंदिर’ की एक कॉपी बनाई जा रही है। यहां मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों द्वारा आयोजित पूजा को सोशल मीडिया में बड़े स्तर पर लाइव टेलीकास्ट करने की तैयारी भी चल रही है। अयोध्या राम जन्मभूमि पर तैयार होने जा रहे राम मंदिर के प्रारूप का दर्शन त्यागराज स्टेडियम में हो पाएगा। ‘राम मंदिर’ का प्रारूप लगभग 30 फुट ऊंचा और 80 फुट चौड़ा होगा।

हाल ही में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अयोध्या में सरयू नदी के घाट पर आरती में शामिल हुए थे। साथ ही हनुमान गढ़ी और राम जन्मभूमि जाकर रामलला के दर्शन भी किए थे। रामजन्मभूमि दर्शन के ठीक बाद अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में अयोध्या को शामिल करने का एलान किया और अगले दिन दिल्ली पहुंचते ही इस फैसले पर दिल्ली कैबिनेट की मुहर भी लग गई और अब दिल्ली सरकार के दिवाली कार्यक्रम में भी भगवान राम और राम मंदिर की झलक दिखेगी।