- आमजनों से आसपास, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता सुनिश्चित करने की अपील
दुमका। डीसी रविशंकर शुक्ल, दुमका एसपी अंबर लकड़ा रविवार की सुबह-सुबह हाथ में झाड़ू गांधी मैदान पहुंच गये। उनके साथ एसएसबी कमांडेंट, जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी, एसएसबी के जवान, नेहरू युवा केंद्र और एनसीसी छात्र भी थे। उन्होंने गांधी मैदान की सफाई की। जिलेवासियों से अपने आसपास के माहौल को स्वच्छ रखने की अपील की।
इस अवसर पर डीसी ने कहा कि वर्तमान समय में स्वच्छता महत्वपूर्ण विषय है। इसे हम सभी को जिम्मेदारी के रूप में लेने की आवश्यकता है। स्वस्थ्य जीवन के लिए स्वच्छता किसी मूल मंत्र से कम नहीं है। हमें स्वच्छता को अपनी जीवन शैली का अंग बनाना होगा। सभी लोग अपने आसपास स्वच्छता सुनिश्चित करें। स्वच्छता केवल घरों तक नहीं सीमित रहे। अपने घरों के आसपास, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता का वातावरण बना रहे। इसे सुनिश्चित करना भी हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता घरों के दरवाजे पर खत्म नहीं होती। यह घर के दरवाजे से शुरू होती है। इसे सभी को समझना है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपने घरों के साथ-साथ अपने आसपास के परिवेश को भी स्वच्छ रखना हम सभी का दायित्व है। अपने घर के आसपास की सफाई को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की जरूरत है। यह एक सांकेतिक शुरुआत है। सभी लोग अपना कुछ वक्त निकालकर स्वच्छता जैसे पुनीत कार्य में लगाएं। निश्चित रूप से एक स्वच्छ माहौल बनाने में हम सफल होंगे। छठ घाटों की सफाई का कार्य जवानों द्वारा किया जा रहा है। स्वच्छ वातावरण बनाये रखने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है।