सीटू जेनरल काउंसिल ने दो दिनी देशव्यापी हड़ताल का किया समर्थन

अन्य राज्य देश
Spread the love

हैदराबाद। सेंटर आफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) की जेनरल काउंसिल ने दो दिनी देशव्यापी हड़ताल का समर्थन किया। संयुक्त देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया। मजदूर वर्ग से हड़ताल की सफलता के लिए अभियान चलाने की अपील की।

तीन दिवसीय सीटू जेनरल काउंसिल मीटिंग के दूसरे दिन एक विशेष प्रस्ताव पारित कि‍या गया। इसके तहत विगत 11 नवंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए श्रमिकों के राष्ट्रीय कंवेशन में घोषित दो दिन की संयुक्त देशव्यापी हड़ताल का समर्थन किया गया। हड़ताल संसद के आगामी सत्र के दौरान होगी।

झारखंड सीटू के अतिरिक्त महासचिव आरपी सिंह ने कहा कि इस हड़ताल की पहल केंद्रीय ट्रेड यूनियन, विभिन्न सेक्टरों के अखिल भारतीय स्वतंत्र फेडरेशन और कर्मचारियों के एसोसिएशनों द्वारा की गयी है। यह हड़ताल देश के मेहनतकश अवाम द्वारा सरकार की मजदूर विरोधी, किसान विरोधी, जन विरोधी, कार्पोरेट परस्त राष्ट्र विरोधी विनाशकारी नीतियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे प्रतिरोध के श्रृंखलाबद्ध संघर्षो की अगली कड़ी है।

अतिरिक्त महासचिव ने कहा कि यह संघर्ष अब केवल जनता के अधिकारों और जीवन जीविका की रक्षा का संघर्ष नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और पूरे लोकतांत्रिक प्रणाली एवं नागरिक समाज को बचाने का संघर्ष बन गया है। देश की सत्ता पर काबिज अधिनायकवादी ताकतें देशी-विदेशी निजी कार्पोरेट शक्तियों की मदद से देश को गहरे अंधेरे में धकेलने का काम कर रही है। इसलिए सीटू मजदूर वर्ग का आह्वान करता है कि इस हड़ताल की सफलता के लिए सघन अभियान आयोजित करें।