बिना बताये बैठक में नहीं आये अंचल अधिकारी, रूका वेतन

झारखंड
Spread the love

  • राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा बैठक में रांची डीसी ने दिये कई निर्देश

रांची। बिना किसी पूर्व अनुमति के बैठक में अनुपस्थित रहने पर रांची उपायुक्‍त छवि रंजन ने राहे प्रखंड के अंचल अधिकारी को शो कॉज करने और एक दिन का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग और भू-अर्जन से संबंधित मामलों की समीक्षा के क्रम में 23 नवंबर को ये आदेश दिये।

समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में अपर समाहर्ता राजेश कुमार बरवार, डीसीएलआर रांची राजीव कुमार, डीसीएलआर बुंडू, कार्यपालक दंडाधिकारी श्रीमती ब्रजलता एवं संबंधित अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

अंचल मुख्‍यालय में रहने का आदेश

डीसी ने बैठक के दौरान सभी अंचल अधिकारियों से अंचल मुख्यालय में रहने का निर्देश दिया है। बिना किसी पूर्व अनुमति के वह मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। 

म्युटेशन ससमय मेरिट के आधार पर करें

डीसी ने जमीन म्यूटेशन के मामलों का ससमय निष्पादन करने का निर्देश दिया है। अंचल कार्यालय द्वारा बिना किसी अनावश्यक बिलंब के  मेरिट के आधार पर ही म्युटेशन कार्य करने का निर्देश दिया गया है।

प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया ससमय हो

अंचल कार्यालय द्वारा निर्गत किए जाने वाले जाति, निवासी, आय, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र को  निर्धारित समय सीमा के अंदर ही निर्गत करने का निर्देश दिया गया।

बेहतर कार्य करनेवाले सीओ को प्रशस्ति पत्र

डीसी ने अपर समाहर्ता को बेहतर कार्य करने वाले अंचल अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने का निर्देश दिया है।

सात स्वास्थ्य उप केंद्रों के निर्माण की समीक्षा

सात स्वास्थ्य उप केंद्रों के निर्माण के लिए स्थल चयन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। नामकुम में 3, तमाड़ में 1, सोनाहातू , सिल्ली में 1, रातू में 1 स्थल का चयन कर लिया गया है। सिविल सर्जन से इन स्थलों के संबंध में आवश्यक रिपोर्ट प्राप्त कर आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

भूमि चिन्हित करने के कार्य की हुई समीक्षा

■ कांके और ओरमांझी प्रखंड में 300 बेड के बालिका छात्रावास  के लिए स्थल का चयन कर लिया गया है।

■ रातू प्रखंड में इको विलेज के लिए स्थल चिन्हित करके विभाग को भेज दिया गया है।

■ स्किपा (SKIPA) के लिए जमीन चिन्हित करने का कार्य कर लिया गया है। जरेडा के कार्यालय भवन के निर्माण के लिए स्थल चिन्हित कर लिया गया है।

■ मैकलुस्कीगंज में ग्रामीण पर्यटन केंद्र के लिए और रातू में रिक्रिएशन पार्क के लिए भी भूमि चिन्हित कर लिया गया है।

■ नामकुम और कांके प्रखंड में स्मृति पार्क के लिए स्थल चिन्हित किया गया है।

■ महिला महाविद्यालय के लिए नगड़ी अंचल में स्थल चिन्हित किया गया है।