पंचायत चुनाव, JPSC पीटी रद्द कराने सहित जनमुद्दों पर भाजपा का धरना कल

झारखंड
Spread the love

  • प्रदेश के सभी प्रखंडों में कार्यकर्ता धरना देकर सौंपेंगे राज्‍यपाल को ज्ञापन

रांची। पंचायत चुनाव शीघ्र कराने, JPSC पीटी रद्द कराने सहित जनमुद्दों पर झारखंड के सभी प्रखंडों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता कल 27 नवंबर को धरना देंगे। राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश नामकुम प्रखंड कार्यालय में धरना का नेतृत्व करेंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने बताया कि एक तरफ राज्य में विकास कार्य ठप है, दूसरी ओर यह सरकार लोकतंत्र का भी गला घोंट रही है। पंचायत चुनाव को टालकर सरकार गांव की जनता को संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखना चाहती है। इसमें सरकार की मंशा पदाधिकारियों के माध्यम से सरकारी फंडों का बंदरबाट करने का है।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंचायत चुनाव अविलब कराने, जेपीएससी पीटी परीक्षा रद्द करने सहित कई जनमुद्दो को लेकर प्रदेश भर के प्रखंड मुख्यालय में धरना कार्यक्रम सुनिश्चित किया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश नामकुम प्रखंड, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह नगड़ी प्रखंड, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहु कांके प्रखंड, प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा नामकुम प्रखंड, प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय गढ़वा प्रखंड सहित प्रदेश स्तरीय नेता विभिन्न प्रखंडों में धरना कार्यक्रम में शामिल होंगे।