बीएयू ने बोड़ेया में रास सह कृषि विकास मेला का किया आयोजन

कृषि झारखंड
Spread the love

  • कांके विधायक ने उत्कृष्ट कृषि प्रदर्शनी के विजेताओ को पुरस्कृत किया

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के कांके प्रखंड स्थित बोड़ेया नये पंचायत भवन में 19 नवंबर को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के निदेशालय प्रसार शिक्षा ने रास सह कृषि विकास मेला के अवसर पर कृषि प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि कांके विधायक समरी लाल ने किया। मौके पर निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ जगरनाथ उरांव, बोड़ेया की मुखिया डॉ जया भगत, उपमुखिया द्रौपदी देवी, वीरेंद्र तिवारी, मंटु साहू, निर्मल कुमार एवं अनिल महतो आदि मौजूद थे।

प्रदर्शनी में बोड़ेया एवं इसके आसपास के किसानों ने अपने कृषि उत्पादों को प्रदर्शित किया। उन्नत किस्म के धान, सब्जी, फल, फूल, औषधिय एवं मसाला फसलों के 30 से अधिक उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में करीब 24 किलो का ओल, 32 किलो का आरू, 25 किलो का कोहड़ा (लंबा) और 27 किलो का कोहड़ा (गोल) आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा।

देर शाम आयोजित समारोह में विधायक समरी लाल ने 30 प्रकार के उत्कृष्ट उत्पादों से जुड़े किसानों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया। मौके पर विधायक ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय के स्थानीय उपयुक्त तकनीकों का प्रभाव किसानों के उत्पादों में दि‍ख रहा है। विश्वविद्यालय में संसाधनों की कमी एवं समस्याओं का त्वरित समाधान से ही झारखंड के किसानों में खुशहाली लाने का प्रयास करना होगा।

निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ जगरनाथ उरांव ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के गांवों में कृषि तकनीकों का हंस्तान्तरण किया जा रहा। कृषि प्रसार एक सतत प्रक्रिया है। कृषि उत्पादों को प्रदर्शित कर ही किसानों में जागरुकता लाने का यह प्रयास है।