राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंची झारखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ व महाराष्ट्र की टीम

झारखंड
Spread the love

रांची। 11वीं नेशनल हॉकी जूनियर महिला चैंपिनयनशिप के सातवें दिन पहला क्वार्टर फाइनल मैच मेजबान झारखंड व हॉकी पंजाब के बीच खेला गया। इसमें झारखंड ने पंजाब को 6-2 गोल से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

झारखंड की ओर से 31वें, 47वें और 52वें मिनट में कुल तीन गोल एलिन डुंगडुंग ने किया, जबकि रजनी केरकेट्टा ने 49 वें और 57वें मिनट में दो गोल तथा 39वें मिनट में दीपिका सोरेंग ने एक गोल कर अपनी टीम को 6-2 से जीत दिलाई। वहीं पंजाब की ओर से 37वें मिनट में कमलप्रीत कौर व 54 वें मिनट में हरप्रीत कौर ने एक-एक गोल किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में हॉकी हरियाणा ने हॉकी ओडिशा को 5-3 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

हरियाणा की ओर से 16वें मिनट में सीमा, 32वें मिनट में मोनू, 40वें मिनट में भारती, 43वें मिनट में पिंकी तथा 49वें मिनट में मंजू ने एक-एक गोल किए। वहीं हॉकी ओडिशा की ओर से 15वें व 51वें मिनट में एतन टोपनो ने दो गोल किए। तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में हॉकी चंडीगढ़ ने हॉकी आंध्र प्रदेश को 4-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। चंडीगढ़ टीम की ओर से 10वें व 58वें मिनट में प्रियंका ने दो गोल किए।

वहीं 26वें मिनट में आरती कश्यप तथा 36वें मिनट में राखी ने एक-एक गोल किए। आंध्र प्रदेश की ओर से एकमात्र गोल 14वें मिनट में गेदेला ने किया। क्वार्टर फाइनल के अंतिम मैच में महाराष्ट्र ने उत्तर प्रदेश को 5-2 से हरा कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। महाराष्ट्र की ओर से 13वें मिनट में शिवानी साहू, 12वें व 49वें मिनट में उत्तकर्षा ने दो गोल तथा काजल ने 21वें तथा 44वें मिनट में दो गोल किए। उत्तर प्रदेश की ओर से स्वर्णिका ने 30वें तथा 60वें मिनट में दो गोल किए।

28 अक्तूबर को हरियाणा बनाम चंडीगढ़ के बीच सुबह 9.00 बजे और हॉकी झारखंड बनाम हॉकी महाराष्ट्र अपराह्न 3.00 बजे से सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे।