बच्‍चों का विवरण पूरा नहीं होने पर प्रधानाध्यापक का रूकेगा वेतन

झारखंड
Spread the love

रांची। सरकारी और गैर सरकारी सहायता प्राप्त स्‍कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का आधार संख्या एवं बैंक खाता विवरण पूरा नहीं होने पर प्रधानाध्यापक का वेतन रूकेगा। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने निर्देश दिया है। इस बाबत उन्‍होंने 20 अक्‍टूबर को उन्‍होंने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अवर विद्यालय निरीक्षक, रांची 01 और 02 को पत्र लिखा है।

रांची जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पत्र में कहा है कि 10 अक्टूबर, 2021 को संपन्न राज्य स्तरीय समीक्षा में ई० विद्यावाहिनी में बच्चों का आधार एवं बैंक खाता का अद्यतन प्रविष्टि पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। सरकारी एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त (Govt. & Govt. Alded) विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों का आधार संख्या और बैंक खाता विवरणी 30 अक्‍टूबर, 2021 तक पूर्ण किया जाना है। इस अवधि तक इसे पूर्ण नहीं किये जाने की स्थिति में प्राचार्य/प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक/प्रधान शिक्षक का अक्टूबर का वेतन स्थगित रहेगा। निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी इस आशय का प्रमाण पत्र अपने अधीनस्‍थ विद्यालयों से प्राप्त करेंगे।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने लिखा है कि सभी प्रकार के निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों का आधार संख्या 30 अक्‍टूबर, 2021 पूर्ण करना सुनिश्चित करेंगे। इन निजी तक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों का भी बैंक खाता की प्रविष्टि की जानी है। उन्‍होंने निर्देश दिया है कि ससमय प्रविष्टि कराना सुनिश्चित करेंगे। 22 अक्‍टूबर, 2021 से प्रतिदिन इसके प्रविष्टि की उपलब्धि प्रखंडवार जिला कार्यालय से अवगत कराया जायेगा।