बिहार के रोहतास में पेड़ से टकराई स्कूल बस, छह बच्चे घायल

बिहार
Spread the love

रोहतास। रोहतास में डीएवी स्कूल की बस पेड़ से टकरा गई। इस घटना में 6 बच्चे घायल हो गये। घटना जिले के अकोढ़ीगोला थाना की है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे बस सड़क किनारे बड़े पेड़ से टकरा गई, जिससे बस में आगे बैठे बच्चे घायल हो गये। सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए नारायण मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद वहां जुटे ग्रामीणों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला। लोगों ने बच्चों की प्रारंभिक चिकित्सा कराई। सूचना पाकर कई अभिभवक भी पहुंच गए।

इसके बाद घायल बच्चों को पीएचसी एवं एक स्थानीय क्लिनिक में ले जाया गया। घायल बच्चों को प्रारंभिक चिकित्सा के बाद घर भेज दिया गया। शेष बच्चों को अन्य बस से स्कूल ले जाया गया। घायल बच्चे अकोढ़ी गोला क्षेत्र के इसरा, बंडपा, कुसुम्हरा एवं राजपुर के हैं। यहां बता दें कि डीएवी स्कूल द्वारा बच्चों के लिए कई प्राइवेट बसों को भाड़े पर लिया गया है। आज जो बस दुर्घटनाग्रस्त हुई, वो भी उन्हीं में से एक थी।

सफेद रंग की बस में स्कूल बस के मानकों का पालन नहीं किया गया है, जिससे बड़े सवाल खड़े होते हैं। डीएवी अदमापुर जिले के सबसे बड़े स्कूलों में शामिल है, जिसमें 40 से भी अधिक बसें चलती हैं, लेकिन अधिकांश बसों में मानकों का पालन नहीं किया जाता है। इस संबंध में स्कूल प्रशासन से बात करने की कोशिश की जा रही है।