- रांची गैस सर्विस से कंपोजिट गैस सिलेंडर की बिक्री शुरू
रांची। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने 7 अक्टूबर को इंडियन ऑयल का नया कंपोजिट सिलेंडर लॉन्च किया था। उन्होंने इसे उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी बताया था। इंडियन ऑयल के अधिकारियों से अपील की थी कि इसे सर्वसुलभ बनाया जाए। इसपर पहल करते हुए इंडियन ऑयल ने रांची के सभी गैस एजेंसियों में उपभोकताओ के लिए कंपोजिट सिलेंडरों की बुकिंग और डिलीवरी शुरू कर दी है। इसी क्रम में 20 अक्टूबर को रांची गैस एजेंसी में एक कार्यक्रम में संचालक दिनेश्वर सिंह ने कंपोजिट सिलेंडर के पहले ग्राहक प्रमोद कुमार को सिलिंडर और कागजात सौंपा।
इंडने के रिटेल सेल्स प्रबंधक आदित्य तिग्गा ने बताया कि यह पुराने परंपरागत सिलेंडर से काफी हल्का है। हल्का और हैंडी होने के कारण इसे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जा सकता है। फाइबर ग्लास से बने होने के कारण काफी सुरक्षित है। पारदर्शी होने के कारण उपभोक्ता बाहर से ही देख सकते हैं कि सिलेंडर में कितना गैस बचा है। फिलहाल यह 5 किलो और 10 किलो में उपलब्ध है। इसकी कीमत क्रमशः 2200 रुपये और 3500 रुपये है। पुराने परंपरागत सिलेंडर से बदल कर भी ग्राहक इसे ले सकते हैं। उस समय डिपॉजिट की गई राशि को कंपोजिट सिलेंडर की वर्तमान राशि से लेस कर शेष राशि का भुगतान करना होगा।