झारखंडः गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ एक दिन में चार थानों में पांच मामले दर्ज, जानें वजह

झारखंड
Spread the love

देवघर। बड़ी खबर देवघर से आयी है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से छत्तीस का आंकड़ा रखने वाले गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ एक दिन में देवघर के चार विभिन्न थानों पांच प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यह प्राथमिकी डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान सांसद निशिकांत द्वारा सोशल मीडिया पर किये विभिन्न ट्वीट के आलोक में दर्ज की गयी है। सांसद के खिलाफ सिटी थाना में एक, देवीपुर थाना में दो, मधुपुर थाना में एक व चितरा थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। सभी प्राथमिकी अलग-अलग अधिकारियों के बयानों पर दर्ज कराई गई है।

दरअसल, मधुपुर उपचुनाव के दौरान सांसद निशिकांत ने डीसी की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए कई ट्वीट किये थे, उन्हीं को आधार बनाते हुए मामले दर्ज करवाये गये हैं। सिटी थाना में डीपीआरओ रवि कुमार के बयान पर, देवीपुर थाना में देवीपुर बीडीओ अभय कुमार के बयान पर 2 प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसी तरह मधुपुर थाना में बीडीओ राजीव कुमार सिंह के बयान पर और चितरा थाना में सारठ बीडीओ पल्लवी सिन्हा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

सिटी थाने में दर्ज मामले में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा 11 अप्रैल 2021 को अपने वेरीफाइड ट्विटर अकाउंट एट द रेट निशिकांत दुबे से ट्वीट कर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता की तरह विधानसभा चुनाव में लगे होने की बात बताई गई है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के नाम पर कोई केस दर्ज नहीं हुआ और गोड्डा के विज्ञापन पर भाजपा पर झूठा केस दर्ज करने की धमकी सहित मंजूनाथ भजंत्री को देवघर उपायुक्त पद से हटाया जाना चाहिए से संबंधित एक पोस्ट किया गया था। इधर, प्राथमिकी दर्ज होने के साथ ही पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है।