झारखंड और बिहार पुलिस की छापामारी, लूट-डकैती और रंगदारी मांगने में शामिल 3 अपराधी गिरफ्तार

अपराध झारखंड
Spread the love

अरविंद अग्रवाल

पलामू। झारखंड और बिहार पुलिस के संयुक्त अभियान में लूट-डकैती और रंगदारी मामले में पलामू से तीन अपराधी पकड़े गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार पलामू के हुसैनाबाद और बिहार के टंडवा थाना की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन अपराधी हुसैनाबाद में देखे गये हैं। इसकी जानकारी मिलते ही हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूज्य प्रकाश ने दोनों थाना के पुलिस पदाधिकारियों की एक टीम गठित की। छापामारी अभियान चलाकर तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।  इस दौरान पुलिस ने हथियार भी बरामद किये।

पुलिस ने छापामारी अभियान के दौरान बेनी खुर्द गांव के रौशन कुमार सिंह, सचिन कुमार सिंह और भैरोंपुर गांव के प्रिगेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के क्रम में तीनों अपराधियों के पास से एक पिस्तौल, दो मैगजीन, चार कारतूस और पांच मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान अपराधियों ने अपने अपराध को कबूल किया।

पुलिस को बताया कि हैदरनगर थाना क्षेत्र के सीएसपी संचालक से हुई चार लाख 74 हजार की लूट, हुसैनाबाद की शिवपुरी कॉलोनी स्थित स्वानंदा फाइनेंस कार्यालय में हुई डकैती के साथ-साथ बिहार के टंडवा थाना क्षेत्र के नरेश गुप्ता से रंगदारी मांगने और दहशत फैलाने के लिए उसके घर पर फायरिंग किये जाने की घटना में वे लोग शामिल थे।