विसर्जन के दौरान तेज रफ्तार कार ने लोगों को कुचला, एक की मौत

अन्य राज्य देश मुख्य समाचार
Spread the love

छत्तीसगढ़। सूबे के जशपुर जि‍ले से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां विसर्जन के दौरान तेज रफ्तार कार ने लोगों को कुचल दिया। इस घटना में एक की मौत हो गई है। करीब 16 लोग घायल हो गये हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों की संख्‍या बढ़ भी सकती है। इस घटना में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह घटना जशपुर जिले के पत्थलगांव की है। यहां दुर्गा विसर्जन के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने लोगों को कुचल दिया है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय गौरव अग्रवाल के रूप में की गई है। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि इस घटना में एक की मौत हो गइ है। करीब 16 लोग भर्ती हैं। इसमें दो लोगों को एक्सरे में फ्रैक्चर का पता चला है। उन्हें दूसरे अस्पताल भेजा जा रहा है।

जशपुर एसपी कार्यालय के मुताबिक जशपुर के पत्थलगांव की घटना में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। वे छत्तीसगढ़ से जा रहे थे। उनके खि‍लाफ कार्रवाई की जा रही है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जशपुर की घटना बहुत दुखद और हृदयविदारक है। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथमदृष्टया दोषी दिख रहे पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। जांच के आदेश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगतजनों की आत्मा को शांति दे।

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने कहा कि पत्थलगांव की घटना दिल दहला देने वाली है। एक गांजा तस्कर की गाड़ी पीछे से आती है और विसर्जन के जुलूस को रौंदते हुए निकल जाती है। 16 लोग गंभीर रूप से घायल होते हैं और एक की मौत होती है। कोई पुलिसकर्मी वहां पर नहीं दिखता, जबकि वहां रूट डायवर्ट किया जाना चाहिए।

डॉ सिंह ने कहा कि ये सीधा लापरवाही है। असामाजिक तत्वों का हौसला छत्तीसगढ़ में बढ़ता जा रहा है। CM लखीमपुर जा सकते हैं तो यहां जाकर भी लोगों की पीड़ा सुननी चाहिए। मृतक परिवार को 50 लाख और घायलों को 10 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराएं। पुलिस अधीक्षक को तत्काल हटा दें।