महीनों से जलमीनार खराब, नदी का दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

झारखंड
Spread the love

  • माकपा कार्यकर्ताओं ने किया गांव का दौरा

लातेहार। जिले के चंदवा प्रखंड की रुद ग्राम के गुंजराइं टोले के ग्रामीण चुआंड़ी नदी का दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। महीनों से खराब पड़े जलमीनार और नलकूप के कारण यह स्थिति हो गई है। सूचना मिलने पर माकपा के वरिष्ठ नेता अयुब खान और अंचल सचिव बैजनाथ ठाकुर ने गुंजराइं गांव का दौरा किया। ग्रामीणों से मुलाकात कर वस्‍तुस्थिति की जानकारी ली।

नेताओं ने बताया कि प्रखंड मुख्यालय से चार किलोमीटर दूर कटपुलिया के समीप एनएच 75 से सटा गुंजराइं टोला है। यहां करीब 35 घर हैं। जनसंख्या दो सौ के आसपास होगी। महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे सुबह-शाम पक्की सड़क पार कर घाघरी नदी के चुआंड़ी का दूषित पानी पीने के लिए लेने जाते हैं। पीने के पानी के लिए गांव से चुआंड़ी जाने के क्रम में पक्की सड़क पास करना पड़ रहा है। सड़क पर वाहनों का लगातार परिचालन होता है। इससे पानी लाने वाली महिला और बच्चों के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

गांव के चांदनी देवी, मीना देवी, बरती देवी, गीता देवी, फुलवा देवी,  रजनी देवी, गुड़िया देवी, ललीता देवी, तेतरी देवी, संपतिया देवी, शांति देवी, भेलवा देवी, रमंनी देवी, रूदनी देवी, सरि‍ता देवी, टुनी देवी, विकास भुइंया, अशोक भुइंया, अजय भुइंया, संजय भुइंया, फुलवा देवी, महेश सिंह, जयराम महतो ने बताया कि एक जलमीनार है। वह खराब पड़ा है। एक चापानल और एक कुआं है। खराब पानी के कारण लोग कुआं से पानी नहीं पीते हैं। आधे से अधिक लोग चुआंड़ी नदी का दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। दूषित पानी का सेवन से कई लोग वायरल आदि बीमारी की चपेट में आ जाते हैं।

महिलाएं कहती हैं कि कई गांवों में नल के माध्यम से प्रत्येक घरों में पानी पहुंचाई जा रही है, लेकिन यहां कुछ नहीं हो रहा है। शाम को पानी खत्म हो जाने पर खाने पकाने और पीने के पानी की समस्या खड़ी हो जाती है। नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के कई गांवों में नलकूप खराब पड़े हैं। पानी संकट गहराया हुआ है। इसे दूर करने की दिशा में समुचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

नेताओं ने उपायुक्त अबु इमरान से गांव में खराब पड़े जलमीनार को तत्काल ठीक कराने की मांग की। नल जल योजना के तहत गुंजराइं के सभी घरों में नल के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।