बोकारो जिला बल के पुलिस जवान की अपनी ही इंसास राइफल से गोली लगने से मौत

झारखंड
Spread the love

बोकारो। दुखद खबर बोकारो पुलिस लाइन से आ रही है। यहां बैरक में बोकारो जिला बल के पुलिस जवान सुशील द्विवेदी की अपने ही इंसास राइफल से गोली लगने से मौत हो गयी।

इस घटना से पुलिस लाइन में अफरा-तफरी मच गई। मृतक जवान सेक्टर-12 पुलिस थाने में पदस्थापित था। घटना रविवार रात की है। गोली चलने की सूचना मिलते ही बोकारो एसपी चंदन कुमार झा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से लेकर अन्य परिस्थितियों का जायजा लिया। इधर इस घटना पर पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ने दुख जताते हुए मृतक सिपाही की मौत पर संवेदना प्रकट की है। कहा- आटोमेटिक हथियार की अपनी खासियत है, तो उसकी खामियां भी हैं।

बैरक आने के रास्ते में घास और गड्ढे हैं। संभावना है कि सिपाही सुशील द्विवेदी फिसल कर गिर गया और इस दौरान उसके इंसास राइफल से गोली चल गई होगी। इस बात की भी संभावना है कि राइफल से मैगजीन अनलोड करने के दौरान गोली चली होगी। गोली मृतक के सीने को पार कर पीठ से निकल गई है। पूरे मामले की जांच वरीय पुलिस अधिकारियों की ओर से की जा रही है। मौके पर सेक्टर 12 थानेदार जय गोविंद गुप्ता, पुलिस मेंस एसोसिएशन के सत्येंद्र सिंह, सुभाष शुक्ला सहित सैकड़ों जवान उपस्थित थे।

जानकारी के मुताबिक, सुशील द्विवेदी 2011 बैच का सिपाही था, जो वर्ष 2019 में एसटीएफ से बोकारो पुलिस बल में शामिल हुआ था। वह धनबाद के हीरापुर, बिनोद नगर का रहने वाला था। सुशील के पिता ब्रह्मदेव द्विवेदी माडा के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद वह भी बोकारो पहुंचे। पत्नी का नाम नेहा द्विवेदी है। एक तीन साल की बेटी है। उसके सहयोगियों का कहना था कि तनाव जैसी कोई समस्या नहीं थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।