पटना। बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले पारा स्विमर मोहम्मद शम्स आलम शेख को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने उन्हें वर्ष 2020 के बेस्ट स्पोर्ट्स पर्सन (सर्वश्रेष्ठ विकलांग व्यक्ति की श्रेणी) के लिए चुना है।
बता दें कि मोहम्मद शम्स अंतर्राष्ट्रीय पारा स्विमर है। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई मेडल जीते हैं। कई नए कीर्तिमान बनाएं हैं। यह जानकारी बिहार पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के खेल निदेशक संदीप कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि शम्स बिहार से पारा स्पोर्ट्स केटेगरी में इस राष्ट्रीय अवार्ड में चयनित होने वाले प्रथम दिव्यांग खिलाड़ी हैं।
शम्स आलम शेख के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन पर पूर्व राज्य आयुक्त निःशक्तता सह प्रसिद्ध दिव्यांग विशेषज्ञ डॉ शिवाजी कुमार ने बधाई दी। बिहार पैरा स्पोर्ट्स के अध्यक्ष डॉ विश्वेन्द्र कुमार सिन्हा, सचिव सुलेखा कुमारी, कोषाध्यक्ष विश्वकर्मा शर्मा, बिहार सिविल सोसाईटी फोरम की अध्यक्ष श्रीमती मधु श्रीवास्तव, डॉ विनोद भांति (दिव्यांगजन विशेषज्ञ), संतोष कुमार सिन्हा (प्रोग्राम मैनेजर), सुगंध नारायण प्रसाद (खेल प्रशिक्षक), आदित्य कुमार, विशाल कुमार, शेखर चौरसिया, गोपाल कुमार, धर्मेंद्र मांझी, अशोक कुमार आदि ने बधाई दी।