रांची। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्यक्रम एवं खेलमंत्री अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में देशवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से “स्वच्छ भारत” कार्यक्रम का आयोजन 01 से 31 अक्टूबर 2021 तक पूरे भारत में किया जायेगा।
झारखंड में इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी नेहरू युवा केन्द्र संगठन को दी गयी है। वहीं प्रचार प्रसार में सूचना प्रसारण मंत्रालय की रांची स्थित मीडिया इकाइयां- पत्र सूचना कार्यालय, दूरदर्शन एवं आकाशवाणी अपना पूरा सहयोग देंगे। इस संबंध में दोनों संस्थाओं ने आज आकाशवाणी रांची के सभागार में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महीने भर चलने वाले इस आयोजन की रूपरेखा मीडिया के समक्ष प्रस्तुत की। नेहरू युवा केन्द्र संगठन के राज्य निदेशक विजय कुमार ने “स्वच्छ भारत” कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी की सहभागिता को आवश्यक बताते हुए कहा कि पूरे अक्टूबर यह अभियान राज्य के 22 जिलों के 8074 गांव में चलता जायेगा। इसमें एक लाख 70 हजार कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
लक्ष्य होगा हर गांव से 30 किलो प्लास्टिक कचड़ा उठाया जाये, इस तरह पूरे झारखंड से लगभग ढाई लाख किलो कचड़ा साफ किया जा सकेगा। पत्र सूचना कार्यालय के अपर महानिदेशक अरिमर्दन सिंह ने भी प्रधानमंत्री जी के “स्वच्छ भारत” कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये लोगों को जागरुक करने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि उनके विभाग की सभी मीडिया इकाईयां इस अभियान को लोगों तक पहुंचाएंगी तथा राज्य में इसकी सफलता की कहानियों को उजागर करेंगी, जिससे और लोगों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहन मिले। यहां बता दें कि कल ही एक अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से इस कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने की। इसके तहत भारत के 744 जिलों के 2.5 लाख गांवों को जोड़कर वहां के युवाओं के जरिए इसे जन अभियान का स्वरूप दिया जाएगा।
रांची में भी कल नेहरू युवा केन्द्र संगठन ने प्रातः 07 बजे अल्बर्ट एक्का चौक पर “स्वच्छ भारत” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मौके पर रांची लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय सेठ, एवं सदर विधायक रांची सीपी सिंह, पत्र सूचना कार्यालय के अपर महानिदेशक अरिमर्दन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।