Tokyo Paralympics : प्रवीण कुमार ने हाई जंप में जीता रजत पदक

खेल दुनिया
Spread the love

जापान। टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ी को एक और सफलता हाथ लगी है। पुरुषों की हाई जंप (T64) में भारतीय खिलाड़ी प्रवीण कुमार (खेल वर्ग T44) ने रजत पदक जीता है। प्रवीण ने 2.07 मीटर की छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर रहे। ब्रिटेन के ब्रूम एडवर्ड्स जोनाथन ने 2.10 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। पोलैंड के लेपियाटो मासिएजो ने 2.04 मीटर की जंप के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

प्रवीण कुमार की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, प्रवीण के पैरालंपिक में सिल्वर पदक जीतने पर गर्व है। यह मेडल उनके कठोर परिश्रम और लगातार मेहनत का परिणाम है। उन्हें बधाइयां। प्रवीण को भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।

पदक जीतने के बाद प्रवीण कुमार ने कहा कि मेडल जीतकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। मैं अपने कोच (डॉ सत्यपाल सिंह) को धन्यवाद करता हूं, क्योंकि उन्होंने मुझे अब तक सपोर्ट किया। उन्होंने मुझे बहुत प्रेरणा दी है। मैं अपने परिवार, SAI और PCI को भी धन्यवाद करता हूं।

भारतीय पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष दीपा मलिक ने कहा कि प्रवीण कुमार ने हाई जंप में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रचा है। अब भारत पैरा एथलेटिक्स में हाई जंप और जैवलिन के लिए जाना जाएगा। प्रवीण कुमार को बहुत-बहुत बधाई।

टोक्यो पैरालंपिक में भारत अब तक 11 मेडल जीत चुका है। इनमें दो स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। इन खेलों में यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। फिलहाल पदक तालिका में भारत 36वें स्थान पर है।