नलकूप का हैंडल और पाइप खोलकर ले गये कर्मचारी, सप्‍ताह भर में लगाना था नया, पांच साल बाद भी नहीं लगाया

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। पेयजल विभाग के कर्मचारी गांव के नलकूप में लगे हैंडल और पाइप खोलकर ले गये। एक सप्‍ताह में नया हैंडल और पाइप लगाने की बात कहकर गये थे। पांच साल बीत जाने के बाद भी वे इसे लगाने नहीं आये। इसके कारण ग्रामीण खेत में स्थित कुआं का पानी पीने को विवश हैं। यह स्थित जिले के लोहरदगा प्रखंड की अरकोसा पंचायत के भस्को डुमरटोली गांव की है।

ग्रामीणों ने बताया कि पीएचईडी के कर्मचारी गांव में लगे नलकूप का हैंडल और पाइप को खोलकर ले गये थे। उन्‍होंने बताया था कि‍ साहब का आदेश है कि‍ डूमर टोली का चापाकल का हैंडल और पाइप को लेकर कार्यालय में जमा करना है। एक सप्ताह के अंदर नया चापाकल लगाया जाएगा। हालांकि 05 वर्ष समय बीत जाने के बावजूद ना ही चापाकल में हैंडल लगा और ना ही पाइप लगाया गया।

ग्रामीण विभाग के कर्मचारी की राह देख देखकर थक गये। वे खेत के कुआं से पानी पीने को विवश हो गए हैं। झारखंड पार्टी के जिला सचिव सुकरू उरांव के गांव में दौरा करने पर ग्रामीणों उन्‍हें अपनी समस्‍याएं सुनाई। उन्‍होंने उपायुक्त से मांग की है कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जाए, ताकि वे बीमारियों से बचा जाए। साथ ही, मामले की जांच कर भ्रष्ट कर्मचारी एवं पदाधिकारी पर कार्रवाई करने की बात कही है। दौरे में रामचंद्र उरांव, पचु मसली, छोटन उरांव, गंगा उरांव, बल कुमार उरांव, राजेंद्र भगत, मोनिका कुमारी आदि भी मौजूद थे।