रांची। अभी भी सतर्कता जरूरी है। मास्क पहनें और सामाजिक दूरी का पालन करें। कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है।
झारखंड में नये मिलने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या में उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार को राज्य में 24 घंटे में 16 संक्रमित मिले हैं। सप्ताह भर के दौरान एक दिन में मिलने वाले संक्रमितों की यह सबसे बड़ी संख्या है। 16 नये मरीजों में से 9 राजधानी रांची से मिले हैं। इसके अलावा पश्चिमी सिंहभूम से तीन, बोकारो से दो, चतरा व पूर्वी सिंहभूम से एक-एक संक्रमित मिले हैं। गुरुवार को राज्य में 50174 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ है।
नये मरीजों के साथ ही झारखंड में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 348162 हो गई है। इनमें 342964 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। गुरुवार को 14 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। नये संक्रमितों की संख्या में उतार-चढ़ाव के साथ ही राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या में उतार चढ़ाव हो रहा है। अच्छी बात यह है कि राज्य में कोरोना से मौत थम चुकी है। अगस्त माह से अब तक राज्य में दो से तीन मौत ही हुई है।
इधर, राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 65 रह गई है। इनमें सबसे अधिक 34 राजधानी रांची में हैं। खास बात यह है कि रांची के अलावा राज्य के अन्य जिलों में या तो सक्रिय मरीज नहीं हैं या फिर यह संख्या पांच से कम है। देवघर, दुमका, गढ़वा, गिरिडीह, गुमला, गोड्डा, हजारीबाग, कोडरमा, पाकुड़, पलामू, रामगढ़, साहिबगंज और सिमडेगा में एक भी सक्रिय मरीज नहीं हैं। अच्छी बात यह है कि इनमें करीब आधे जिलों में सप्ताह से अधिक दिनों से सक्रिय मरीज नहीं हैं।