प्रशांत अंबष्ठ
गोमिया (बोकारो)। आवारा जानवर किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। उनकी फसल बर्बाद कर रहे हैं। इससे किसान परेशान हैं। गोमिया प्रखंड अंतर्गत होसिर रथटांड़ में इन दिनों खुले में घूम रहे आवारा पशुओं से किसान काफी परेशान हो रहे हैं। आवारा पशु किसानों के खेतों में लगे धान की फसल को चट कर जा रहे हैं। किसानों ने कुछ आवारा पशुओं को एक चहारदीवारी में बंदकर पशु मालिकों से क्षतिपूर्ति की मांग की है।
किसान तारमेश्वर प्रजापति, सुभाष प्रसाद सहित अन्य ने बताया कि कर्ज लेकर हमलोगों ने धान की खेती की है। अब फसल अंकुरित होने का समय आ गया है। ऐसे में खुले में घूम रहे आवारा पशु खेतों में घुसकर फसलों को बर्बाद कर दे रहे हैं। अगर फसल नहीं हुआ तो हमलोग महाजनों से लिये गए कर्ज को कैसे चुका पाएंगे।
किसानों ने इस संबंध में उचित कार्रवाई करने के लिए बेरमो एसडीओ सहित अन्य पदाधिकारियों को आवेदन दिया है। इसके बावजूद अभी तक कोई भी सकारात्मक पहल नहीं किये जाने से किसान निराश हैं। उन्होंने पशुओं द्वारा नुकसान किए गए फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग सरकार से की है।
इस संबंध में होसिर पश्चिमी प्रभारी मुखिया नंदू प्रजापति ने कहा कि आवारा पशुओं के फसल चर जाने से किसानों का मनोबल टूटता है। इससे पहले भी पशु मालिकों को हिदायत दी गई थी, मगर वह उनकी बातों को अनसुना कर रहे हैं। फसलों का नुकसान हो रहा है।