बीमारी से सैनिक सुनील उरांव की मृत्‍यु, राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि

झारखंड
Spread the love

रांची। सेना में वेल्डर के पद पर कारगिल में तैनात रांची के कांके प्रखंड की इचापिड़ी पंचायत के बेड़ाटोली निवासी सुनील उरांव (51) की बीमारी से मृत्‍यु हो गयी। दिवंगत का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार गांव के मसना में किया गया। पिठोरिया थानेदार रविप्रकाश, बीडीओ शिलवंत भट्ट और सीओ दिवार सी दिवेदी ने श्रद्धांजलि दी।

परिजनों के अनुसार दिवंगत सुनील उरांव ने 10 सितंबर को घर में फोन कर तबीयत खराब होने की सूचना दी थी। इसके बाद अस्पताल में उन्‍हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 11 सितम्बर को उनकी मृत्‍यु हो गई।

दिवंगत सुनील अपने पीछे पत्नी पुष्पा देवी, पुत्री इंदू लकड़ा 26 वर्ष, नितू लकड़ा 22 वर्ष व रितू लकड़ा 20 वर्ष छोड़ गए। परिजनों के अनुसार सुनील भारतीय सैनिक सेवा में लगभग 20 वर्षों तक विभिन्न जगहों में अपनी सेवा दी। 8 से 9 वर्ष बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। पत्नी व बच्चे अपने पैतृक गांव में रहते हैं। तीनों बेटि‍यों की पढ़ाई रांची में ही चल रही है।

सुनील की मृत्‍यु की खबर सुनकर दूर दराज मे रहने वाले परिजन 13 सितंबर से ही आने लगे थे। परिजनों के अनुसार पार्थिव शरीर को हवाई मार्ग से 13 सितंबर की देर शाम लगभग 8.45 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचा। रांची एयरपोर्ट से पिठोरिया स्थित बेड़ाटोली गांव लगभग 10 बजे रात को लाया गया। जवान की मौत पर गांव की मुखिया लालमणी उरांव, सोमरा उरांव, पूर्व जिला परिषद सदस्य अईनुल हक अंसारी सहित आसपास के गांव के सैकड़ों लोग अंतिम संस्कार में पहुंचकर नम आंखों से अंतिम विदाई दी।