सिमडेगा पुलिस को मिली लगातार तीन सफलता, ऐसे बनाई थी रणनीति

अपराध झारखंड
Spread the love

सिमडेगा। झारखंड की सिमडेगा जिला पुलिस को एक दिन में लगातार तीन सफलता हाथ लगी। पुलिस ने एक पेशेवर लुटेरे को खदेड़कर ओडिशा सीमा पर लूटी गई मोटरसाईकिल एवं मोबाईल के साथ रंगे हाथों दबोचा। कोलेबिरा के जंगलों से हत्यारे को पकड़ा। एक बाईक चोर को चोरी की मोटरसाईकिल के साथ गिरफ्तार कि‍या। इस सफलता के लिए संबंधित पुलिस कर्मियों का पुरस्कृत किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक बीती शाम काटकोना (गिरजाटोली) निवासी जॉनसन बारला की हीरो स्पलेंडर बाईक और मोबाईल टी टांगर थानांतर्गत घुमरीमोड़ के निकट एनएच-143 पर अज्ञात लुटेरे ने लूट ली थी। ऐसी घटना इस वर्ष पहली बार हुई। सूचना मिलते ही टी टांगर थाना और बांसजोर थाना पुलिस टीम को प्रभारियों के नेतृत्व में ओडिशा की ओर जाने का आदेश दिया गया। जिला की चारों ओर से नाकेबंदी कर चेकपोस्टों पर वाहन चेकिंग शुरू की गई। लुटेरे को दबोचने के लिए पुलिस अधीक्षक, सुन्दरगढ़ (ओडिशा) सहित बीरमित्रापुर की पुलिस टीम का भी सहयोग लिया गया। केवल दो घंटे में टी टांगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-143 पर अपराधियों का पीछा करके उसे लूटी गयी बाईक (JH20D-0633) और मोबाईल सेट के साथ ओडिशा सीमा पर रंगे हाथों धर-दबोचा। पूछने पर लूटेरे ने अपना नाम अमर शुक्ला (उम्र करीब 30 वर्ष) बताया। वह ओडिशा के महली दफाई (बीरमित्रापुर), जिला-सुंदरगढ़ (ओडिशा) का निवासी है। उसकी अपराधिक कुंडली खंगाली जा रही है।

कोलेबिरा थानांंतर्गत करमटोली गलायटोली में एक 50 वर्षीया महिला की हत्या अज्ञात व्यक्ति ने नुकीली चीज से गर्दन पर वार कर कर दी थी। हत्यारा भाग खड़ा गया था। कोलेबिरा थाना प्रभारी की तत्परता से अज्ञात हत्यारे की तत्काल शिनाख्त की गई। वह गुमला जिले के कोनसा लतरा निवासी मंगरू तुरी था। उसे पतराटोली जंगल से गिरफ्तार कि‍या गया। इसकी निशानदेही पर खून लगा बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया है। हत्यारे ने बताया कि एक अन्य महिला के साथ उसका अवैध संबंध था। मृतिका इसका निरंतर विरोध करती थी।

सिमडेगा सदर थानांतर्गत चोरी की बाईक और बाईक चोर की खोज पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी द्वारा लगातार की जा रही थी। बीती शाम उन्होंने सदर थाना पुलिस टीम के साथ शातिर चोर मोहम्मद साबिर अली (उम्र करीब 35 वर्ष) को खैरनटोली चट्टान मुहल्ला से चोरी की हीरो होंडा मोटरसाईकिल (JH-01DS-2950) के साथ दबोचा। बाइक को उसने पलंग के नीचे छुपाकर रखा था। यह पूर्व में तीन चोरी की घटना में जेल भी जा चुका है।