प्रशांत अंबष्ठ
गोमिया (बोकारो)। जिले के गोमिया प्रखंड की तुलबुल पंचायत निवासी रामचरण प्रजापति का 21 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार प्रजापति परिवार के लिए कमाने रांची आया था। इस दौरान एक मनहूस खबर उनके घर पहुंच गई। यह खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक अजीत रांची में मकान निर्माण का कार्य करता था। मकान निर्माण के दौरान शनिवार को वह शटरिंग का काम कर रहा था। इस दौरान वह असंतुलित होकर निर्माणाधीन 4 मंजिला मकान से नीचे जमीन पर गिर गया। इससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
मृतक के पिता रामचरण प्रजापति भी दैनिक मजदूर हैं। वह आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित एक कंपनी में कार्यरत हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही उनके होश उड़ गये। वह रांची के लिए रवाना हो चुके हैं।