रांची। बंगाल में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड के कई जिलों में कल तेज हवा के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में वज्रपात होने की आशंका भी है। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने दी।
आनंद ने बताया कि गुरुवार को पश्चिम बंगाल से सटे इलाकों में इसका प्रभाव देखने को मिलेगा। इसका अधिक प्रभाव जामताड़ा, धनबाद बोकारो रामगढ़ रांची, सरायकेला, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा आदि जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
आनंद के मुताबिक संथालपरगना के जिलों में भी एक दो जगह पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा भी चल सकती है। इसकी गति बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटे भी हो सकती है। इसी तरह 1 से 3 अक्टूबर तक राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।