‘शेरशाह’ से हुआ हिमालयन फिल्म महोत्सव का शुभारंभ

मनोरंजन
Spread the love

  • जम्मू व कश्मीर और लद्दाख को जल्द ही एक फिल्म प्रशिक्षण संस्थान से जोड़ दिया जाएगा : अनुराग ठाकुर

लद्दाख। केंद्र शासित प्रदेश लेह, लद्दाख में हिमालयन फिल्म महोत्सव का शुभारंभ 24 सितंबर को ‘शेरशाह’ से हुआ। सिंधु संस्कृति सभागार में पांच दिवसीय फिल्म महोत्सव भारत की स्वतंत्रता के 75 साल के उपलक्ष्य में हो रहे ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के आयोजन का हिस्सा है। प्रधानमंत्री के ‘जन भागीदारी’ के आह्वान को ध्यान में रखते हुए फिल्म महोत्सव में स्थानीय फिल्म निर्माताओं की सक्रिय भागीदारी होगी। 15 हिमालयी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की प्रतिभा का प्रदर्शन किया जाएगा।

समारोह में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमालयी राज्यों की विविध संस्कृति है। यहां प्रदर्शन के लिए काफी कुछ है। इन राज्यों के युवाओं को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए अवसरों की जरूरत है। सिनेमा सभी सांस्कृतिक विविधताओं को एक साथ लाने के लिए एक प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराती हैं। सिनेमा की दुनिया देश की संस्कृति को एक प्रमुख मंच उपलब्ध कराती है। जम्मू व कश्मीर और लद्दाख को जल्द ही एक फिल्म प्रशिक्षण संस्थान से जोड़ दिया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत ओटीटी बाजार सबसे तेजी से बढ़ता हुआ है। यह कंटेंट ही लोगों को ओटीटी प्लेटफॉर्म की ओर खूब आकर्षित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरफ लोगों को आकर्षित करने की शक्ति ओटीटी कंटेंट में निहित है। भारत दुनिया में इसके निर्माण के लिए उपमहाद्वीप बन सकता है। इसके लिये हमें गुणवत्तापूर्ण कंटेंट तैयार करने की आवश्यकता है। कई अंतर्राष्ट्रीय ब्लॉकबस्टर के लिए पोस्ट-प्रोडक्शन का काम भारत में किया गया था। गेमिंग और विजुअल ग्राफिक्स सेक्टर के साथ-साथ यह क्षेत्र विकास के लिये एक बड़ा प्लेटफॉर्म प्रदान करता है।

उद्घाटन समारोह के दौरान परमवीर चक्र पुरस्कार विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन पर आधारित फिल्म शेरशाह को भी इसके निर्देशक विष्णुवर्धन और मुख्य अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा की उपस्थिति में प्रदर्शित किया गया। इस फिल्म समारोह के ‘कॉम्पिटिशन सेक्शन’ में लघु फिल्मों और लघु वृत्तचित्रों को भी आमंत्रित किया गया है।

पांच दिवसीय फिल्म महोत्सव 28 सितंबर, 2021 तक जारी रहेगा। यह फिल्म महोत्सव भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के फिल्म समारोह निदेशालय के सहयोग से केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के स्‍थानीय प्रशासन द्वारा आयोजित किया गया है।