चाईबासा पुलिस ने सर्च ऑपरेशन में पीएलएफआई के एरिया कमांडर मोदी को किया गिरफ्तार

अपराध
Spread the love

चाईबासा। झारखंड में नक्सलियों पर शिकंजा कस रहा है। हाल के दिनों में कई बड़े नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है।

चाईबासा पुलिस टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान गुप्त सूचना पर जिले के टेबो थाना क्षेत्र के बोबोंगा गांव के पहाड़ी ईलाके से पीएलएफआई के एरिया कमांडर सुखराम सांडी पूर्ति उर्फ हरसिंह सांडी उर्फ मोदी को गिरफ्तार किया है। सुखराम पूर्ति मूलरूप से पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगाव थाना क्षेत्र के लादाउली गांव का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद सुखराम से पूछताछ की जा रही है।

सुखराम के बारे में बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ दो दर्जन से ज्यादा मामले सिर्फ पश्चिमी सिंहभूम जिले में ही दर्ज हैं। वह मुख्य रूप से जिले के झरझरा, टोकलो, बंदगांव, कराईकेला, टेबो थाना क्षेत्रों में सक्रिय था। सुखराम पांच साल पहले ही पीएलएफआई संगठन से जुड़ा था। संगठन से जुड़ने के बाद वह काफी सक्रिय था। कम समय में ही उसने अपनी अलग पहचान बनाई थी। पुलिस के लिए भी वह सिरदर्द बना हुआ था।