जनविरोधी नीतियों पर विधानसभा में हेमंत सरकार को घेरेगी भाजपा

झारखंड
Spread the love

रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक प्रदेश कार्यालय में 02 सितंबर को हुई। इसमें मानसून सत्र को लेकर चर्चा हुई। मौके पर नियोजन नीति, नेता प्रतिपक्ष, महिला अत्याचार, नगर निगम, विधि व्यवस्था, घोषणाओं से वादा खिलाफी समेत अन्‍य मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति तय की गई।

विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी के मुख्य सचेतक एवं विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि मानसून सत्र में नियोजन नीति रद्द करने की मांग को दमदार तरीके से उठाया जाएगा।

भाजपा ने इससे संबंधित एक कमेटी बनाई गई है। इसके संयोजक भानु प्रताप शाही को बनाया गया है। इसमें नीलकंठ सिंह मुंडा, सीपी सिंह, अमर बाउरी, अनंत ओझा शामिल हैं। यह कमेटी नियोजन नीति की खामियों को लेकर एक ड्राफ्ट तैयार करते हुए सदन और सदन के बाहर पार्टी संघर्ष करेगी।

विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि पंगु हेमंत सरकार की नियोजन नीति को रद्द करने को बाध्य करेंगे। उन्होंने कहा कि 19 महीने में 19 को भी रोजगार नहीं दिया। युवा, महिला, किसानों को ठगने का काम किया है। सभी मुद्दे पर सरकार को घेरने का कार्य करेंगे। सरकार बालू, कोयला चोरी में व्यस्त है। सरकार ट्रांसफर पोस्टिंग के खेल में व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष बंधु तिर्की की सदयता को रद्द करें। जब मामला स्पीकर के यहां लंबित है, तब बंधु तिर्की को कैसे कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। यह मामला राज्य सरकार के इशारे पर विधानसभा अध्यक्ष का मखौल उड़ा रहा है। शाही ने कहा हेमंत दिल्ली से निवेश लेकर नहीं लौटे, बल्कि टेरर फंडिंग करने वाले से गले मिलकर आये हैं।

सर्वदलीय बैठक में विधायक दल के नेता को आमंत्रित नहीं किये जाने के कारण भाजपा ने आज बैठक का बहिष्कार किया।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी, प्रदेश प्रभारी दिलीप सैकिया, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, विधायक अमर कुमार बाउरी, किशुन दास, अमित मंडल, नारायण दास, शशि भूषण मेहता, अनंत ओझा, बिरंची नारायण, भानु प्रताप शाही, समरीलाल, ढुल्लू महतो, कोचे मुंडा, केदार हाजरा, पुष्पा देवी, रामचंद्र चन्द्रवंशी, अपर्णा सेन गुप्ता, नीरा यादव, जेपी पटेल, आलोक चौरिसिया, मनीष जायसवाल, राज सिन्हा, नवीन जायसवाल, नीलकंठ सिंह मुंडा, सीपी सिंह, रणधीर सिंह उपस्थित रहे। इंद्रजीत महतो बीमार रहने के कारण अनुपस्थित रहे।