अच्छी खबर: अब विलुप्त हो रहे गिद्धों के संरक्षण और संवर्द्धन पर काम करेगा वाल्मीकि टाइगर रिजर्व

बिहार मुख्य समाचार
Spread the love

बेतिया। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) प्रशासन बेतिया अब गिद्धों के संरक्षण पर काम करेगा। वीटीआर प्रशासन की ओर से सरकार को भेजी गई वार्षिक कार्ययोजना में इसे शामिल किया गया है। दरअसल वीटीआर प्रशासन विलुप्त होते गिद्धों के संरक्षण करने का काम करेगा।

सूबे में पहली बार इसके संरक्षण और संवर्द्धन की दिशा में पहल की जा रही है। सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। विलुप्त हो रहे गिद्ध वीटीआरे में कुछ स्थानों पर देखे जा रहे हैं। गिद्ध विलुप्त प्रजातियों की श्रेणी में पहले से ही शामिल है। गिद्धों के सरंक्षण के लिए गोनौली वन प्रक्षेत्र की कंपार्टमेंट संख्या-22 में रेस्क्यू सेंटर बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसमें गिद्धों की संख्या में बढ़ोतरी के लिए उपाय किए जाएंगे ताकि इस क्षेत्र में सुरक्षित ढंग से इस प्रजाति का अधिवास हो सके। वन संरक्षक सह क्षेत्र निदेशक हेमकांत राय ने बताया कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में गिद्ध की चार प्रजातियां मिलती हैं। यह वातावरण के सफाईकर्मी के रूप में जाना जाता है, क्योंकि यह मरे हुए पशुओं को खाकर वातावरण को स्वच्छ रखता है।

गिद्ध संरक्षण परियोजना पर पांच प्रक्षेत्रों में काम किया जाएगा। इनमें मदनपुर, मंगुराजा, ठोरी और गोनौली के दो प्रक्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गिद्धों की संख्या बढ़ाने के लिए उनके अंडे को संरक्षित किया जाएगा। इसके लिए दूसरे राज्यों से पक्षी वैज्ञानिकों की भी सलाह ली जाएगी।

गिद्धों के विलुप्त होने का कारण

पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एस वी रंजन ने बताया कि पशुओं में दर्द की दवा के रूप में डायक्लोफेनिक का इस्तेमाल किया जाना गिद्धों की संख्या में गिरावट का मुख्य कारण रहा है। हालांकि सरकार ने इस दवा पर पूर्ण प्रतिबंध कर दिया है। पशु चिकित्सक अब इस दवा का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। लेकिन पहले इस दवा के प्रयोग से गिद्धों पर इसका प्रभाव पड़ा है। यह दवा पशुओं पर भी समान रूप से प्रभावी होती है। जब कामकाजी पशुओं को इसे दिया जाता है, तो उनके जोड़ों का दर्द कम हो जाता है और उन्हें अधिक समय तक कामकाजी बनाए रखता है। इसलिए पशुओं में दर्द निवारक के तौर पर डायक्लोफेनिक का बड़े पैमाने पर प्रयोग भारत में गिद्धों की संख्या को गिराने की वजह है। डायक्लोफेनिक सोडियम गिद्धों के शरीर में खाद्य शृंखला के माध्यम से प्रवेश करता है। वहां यह एस्ट्रोजन हार्मोन की गतिविधि को प्रभावित करता है, परिणामस्वरूप अंडकोष कमजोर हो जाता है। इससे अंडों की असामयिक सोने की प्रक्रिया होती है, जिससे भ्रूण की मौत हो जाती है।

गिद्धों की संख्या बढ़ाने के लिए ग्रामीणों को किया जाएगा जागरूक

वन संरक्षक ने बताया कि गिद्धों के संरक्षण के लिए आसपास के ग्रामीणों को इस बात को लेकर जागरूक किया जाएगा। ग्रामीणों से गिद्ध से होने वाले फायदे के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही लोगों को पालतू पशुओं को दफनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। लोगों को यह बताया जाएगा कि यह पक्षी पर्यावरण प्रहरी के रूप में है। इसे बचाने के लिए फसलों में कीटनाशी दवाओं के साथ-साथ पशुओं को प्रतिबंधित दवाएं नहीं दें।