पटना। बिहार की राजधानी पटना के पीरबहोर थाना के अशोक राजपथ में भीड़ ने रंगे हाथ दो चोरों को पकड़ा। इसके बाद भीड़ ने पकड़े गये दोनों युवकों की पिटाई कर दी। भीड़ ने उनके कपड़े तक फाड़ दिये। जूता और चप्पल की माला बनाकर दोनों को पहनाया। भीड़ ने युवकों को पूरे इलाके में घूमाया।
काफी देर तक पटना की सड़क पर यह सब चलता रहा, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। बता दें कि पटना के पीरबहोर थाना के अशोक राजपथ इलाके में अबु फर्करूद्दीन प्लाजा है। इसके पास में एक साथ कई बाइक लगी हुई थी। जहां एक बुलेट भी खड़ी थी। बाइकों के पास काफी देर से दो युवक घूम रहे थे। उनकी नजर वहां खड़ी बुलेट पर थी। दोनों युवकों ने मौका मिलते ही बुलेट पर हाथ साफ करने की कोशिश की। बुलेट चोरी करने के प्रयास के दौरान ही कुछ लोगों ने रंगे हाथ दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने दोनों की पिटाई कर दी।